देहरादून RTO: गाड़ी के कागज़ पूरे, फिर भी थमा दिया पांच हजार का चालान!
फिटनेस वैध होने के बावजूद हरिद्वार के डॉक्टर का हाईवे पर काटा चालान, आरटीओ से की शिकायत

Amit Bhatt, Dehradun: परिवहन विभाग की ऑनलाइन चालान व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिद्वार निवासी डॉ. अनुराग की कार का सभी कागजात पूरे और फिटनेस वैध होने के बावजूद पांच हजार रुपये का चालान कटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) देहरादून में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
डॉ. अनुराग के अनुसार तीन फरवरी को वे देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा से गुजरे थे। इसके अगले दिन चार फरवरी को उनके मोबाइल फोन पर चालान कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में वाहन की फिटनेस न होने का कारण दर्शाते हुए पांच हजार रुपये का चालान बताया गया, जबकि उन्होंने छह दिसंबर को ही अपनी कार की फिटनेस एक वर्ष के लिए वैध रूप से कराई थी।
डॉ. अनुराग ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए आरटीओ कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की और चालान की राशि वापस करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सभी दस्तावेज अपडेट होने के बावजूद चालान कट रहे हैं, तो आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस संबंध में आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी या सिस्टम संबंधी गलती पाई जाती है, तो उसे सुधारा जाएगा और नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इस दिशा में विभाग लगातार काम कर रहा है। घटना के बाद वाहन चालकों में ऑनलाइन चालान प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग ऐसी त्रुटियों पर तत्काल सुधार की मांग कर रहे हैं।




