
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून में बुधवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कर्नल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड क्षेत्र के आसपास की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे।
अर्जुन शर्मा, कर्नल आर.सी. शर्मा के बेटे थे और आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त करने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, उसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।
गोली सीधे सीने (चेस्ट) में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक अर्जुन शर्मा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। इस वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
40 से 42 करोड़ के प्रॉपर्टी विवाद का आरोप, क्या पुलिस ने की लापरवाही
मृतक के साथ कई वर्षों से काम कर रहे विजय ने आरोप लगाया कि अर्जुन शर्मा का विजय उनियाल के साथ प्रॉपर्टी को लेकर करीब 40 से 42 करोड़ रुपये का लेनदेन विवाद चल रहा था। विजय का दावा है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं। इस संबंध में वसंत विहार थाने और एसएसपी को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह भी आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा की मां से दो फ्लैट लिए थे। अर्जुन का घर वसंत विहार क्षेत्र में आईटीबीपी के पास है। परिवार में पत्नी के अलावा साढ़े चार साल का बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



