
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के तिब्बती मार्केट और प्रेस क्लब के पास हुई अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या मामले में अब केस ने निर्णायक मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित 03 अन्य लोगों पर अपने पति की हत्या कराने का गंभीर शक जताया है। इस प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों में देहरादून के इसके मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक अजय खन्ना का नाम भी शामिल है।
पुलिस को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र में अभिलाषा शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना (एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल) के बीच पैसों के लेन-देन का विवाद चल रहा था। इसी आर्थिक लेन-देन को लेकर उनके पति अर्जुन शर्मा ने विरोध किया था, जिसके चलते अर्जुन का अपनी मां के साथ गंभीर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर मामला न्यायालय में भी लंबित था।
“पैसे के विवाद में हत्या कराई गई”, पत्नी का सीधा आरोप
अभिलाषा शर्मा ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट रूप से आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते इन सभी व्यक्तियों द्वारा मिलकर उनके पति अर्जुन शर्मा की हत्या कराई गई है। यानी अब मामला केवल अज्ञात हमलावरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कथित साजिश (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग एंगल) की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।
FIR दर्ज, केस में साजिश का एंगल जुड़ा
मृतक की पत्नी की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब यह मामला केवल अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई हत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत कराई गई हत्या के रूप में दर्ज हुआ है।
एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीमें गठित
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान और मूवमेंट की जांच कर रही है।
केस का बदला एंगल: अब सीधी मर्डर नहीं, “साजिशन हत्या” की जांच
अब तक यह केस अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई हत्या के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन पत्नी के आरोपों के बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई है। केस अब इन बिंदुओं पर केंद्रित हो गया है:
पैसों के लेन-देन का विवाद, पारिवारिक टकराव
न्यायालय में लंबित मामला
संभावित साजिश
हत्या कराने की आशंका
आर्थिक हित (फाइनेंशियल मोटिव)
सिस्टम के लिए हाई-प्रोफाइल केस
इस केस में पहले ही हाईकोर्ट में सुरक्षा याचिका, पारिवारिक विवाद और खतरे की जानकारी सामने आ चुकी थी। अब जब पत्नी ने सीधे तौर पर नामजद लोगों पर हत्या कराने का शक जताया है, तो मामला हाई-प्रोफाइल साजिशन हत्या केस में तब्दील हो गया है।



