EducationUttarakhand

वीडियो: उत्तराखंड के बेसिक स्कूल में छात्राओं से टॉयलेट साफ कराए

हरिद्वार में शहर कोतवाली के पास सरकारी स्कूल का मामला, वीडियो हो रहा वायरल

Round The Watch News: हरिद्वार के एक प्राथमिक स्कूल से सामने आया वीडियो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि नन्ही छात्राओं से क्लासरूम में झाड़ू लगवाई जा रही है और आरोप है कि उनसे शौचालय की सफाई भी कराई गई। वीडियो सामने आते ही अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।

कहां की है घटना?
यह मामला हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र के पास स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। स्कूल संख्या 34 से जुड़ा यह वीडियो 6 फरवरी का बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में क्या दिख रहा है?
दो छोटी छात्राएं स्कूल परिसर और क्लासरूम में झाड़ू लगाती नजर आती हैं। आरोप है कि उनसे टॉयलेट की सफाई भी कराई गई। वीडियो में एक महिला शिक्षिका मौजूद दिखाई देती हैं, जो बच्चों को रोकने के बजाय सफाई कराते हुए नजर आती हैं

शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
मामला सामने आते ही जिला शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) अमित कुमार चंद ने जांच टीम गठित करने के आदेश दिए हैं।

उन्होंने साफ कहा है कि “शिक्षा के नाम पर बच्चों से ऐसा कार्य कराना अस्वीकार्य है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

सफाई अभियान का दिया जा रहा तर्क
स्कूल स्टाफ की ओर से सफाई दी जा रही है कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन जिले में प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा था। स्कूल में उस समय कोई सफाई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए शिक्षक व स्टाफ भी सफाई कार्य में लगे थे। इसी दौरान बच्चों से भी सफाई करवाई गई।

बड़ा सवाल, कहां तक जायज यह कृत्य?
स्वच्छता अभियान के नाम पर क्या बच्चों से झाड़ू-पोंछा और शौचालय साफ कराना जायज है? शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों का कहना है कि यह सीधे तौर पर बाल अधिकारों का उल्लंघन है और इसे किसी भी परिस्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता। अब निगाहें शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button