हत्या में मिस्टर उत्तराखंड गिरफ्तार, 20 हजार रुपए के लिए दोस्त को मौत के घाट उतारा
रुड़की क्षेत्र में कुछ दिन पहले मिला था एक ग्रामीण का शव, नए एसएसपी भुल्लर ने कार्रवाई की दी जानकारी

Amit Bhatt, Dehradun: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पुराने पीर के पास 17 फरवरी को मिले ग्रामीण प्रदीप के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गई धनराशि भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदीप 17 फरवरी को शराब खरीदने के लिए रुड़की स्थित स्टेटस रोडवेज बस अड्डे पर आया था, लेकिन वहां शराब की दुकान बंद मिली। इसी दौरान उसकी मुलाकात विनायक त्यागी निवासी ग्राम बदला, थाना छप्पर (हाल निवासी ग्राम सराय, ज्वालापुर) से हुई, जो स्वयं भी शराब खरीदने आया था।
दोनों के बीच बातचीत के बाद परिचय हुआ और वे रामपुर चुंगी स्थित शराब की दुकान से शराब लेकर मंगलौर की ओर चले गए। मंगलौर के समीप एक बाग में बैठकर दोनों शराब पीने लगे। इसी दौरान बातचीत में प्रदीप ने बताया कि उसके पास 20 हजार रुपये हैं।
एसएसपी के अनुसार रुपयों के लालच में आकर विनायक त्यागी ने पहले प्रदीप का गला दबाया और फिर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके कब्जे से लूटी गई रकम भी बरामद कर ली है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी वर्ष 2019 में ‘मिस्टर उत्तराखंड’ रह चुका है, लेकिन लंबे समय से शराब की लत में पड़ गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नशा किस तरह अपराध की जड़ बनता जा रहा है।



