नगर निगम के ठेकेदार ने पत्नी से विवाद के बाद खुद का भेजा उड़ाया, मौके पर मौत
हल्द्वानी के चोरगलिया क्षेत्र के गाजीपुर गांव की देर रात की घटना

Round The Watch News:चोरगलिया क्षेत्र के गाजीपुर गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पत्नी से हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक ठेकेदार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय कमलेश चंद्र बेलवाल के रूप में हुई है, जो परिवार के साथ गाजीपुर गांव में रहता था और नगर निगम के ठेके लेता था। सोमवार रात किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह गुस्से में अपने कमरे में गया और अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली दाईं ओर से सिर में लगी और बाईं ओर से बाहर निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन साल की एक बेटी को छोड़ गया है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है



