crimeTerrorismUttarakhand

पासपोर्ट कार्यालय श्रीनगर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-इंटेलीजेंस सतर्क

हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों ने सिर्फ दो एलआईयू और दो पुलिस कर्मियों के पहुंचने का किया दावा

Srimohan Naithani, Srinagar: श्रीनगर नगर क्षेत्र में संचालित भारत सरकार के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, इंटेलीजेंस और बम निरोधक दल मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। फिलहाल सुरक्षा को देखते हुए कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। संभवतः यह धमकी उसी क्रम में दी गई है, जिसमें उत्तराखंड हाई कोर्ट, विभिन्न न्यायालयों और प्रशासनिक कार्यालयों को धमकी भेजी गई।

सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर पोस्ट ऑफिस भवन के भीतर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र की अधिकृत ई-मेल आईडी पर सोमवार सुबह एक मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की स्पष्ट धमकी दी गई थी। मेल देखते ही अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को सूचित किया और तत्परता के साथ पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही श्रीनगर कोतवाली पुलिस, खुफिया विभाग तथा अन्य सुरक्षा इकाइयाँ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने कार्यालय के अंदरूनी हिस्सों से लेकर बाहरी परिसर तक सघन जांच की। साथ ही भवन के आसपास भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चौकसी बढ़ाई गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया परिसर में कोई संदेहास्पद वस्तु नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि यह मेल सिर्फ श्रीनगर कार्यालय को भेजा गया है या देश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों को भी इसी प्रकार के धमकी संदेश प्राप्त हुए हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की लोकेशन व पहचान पता लगाने में जुटी है।

साथ ही कहा कि मामला गंभीर है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है। कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है, साथ ही पोस्ट ऑफिस भवन और आसपास के बाजार क्षेत्र में स्थानीय पुलिस एवं खुफिया इकाइयां लगातार गश्त कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button