Round The Watch News: मसूरी रोड पर रात का सफर बेफिक्र रहने वाले युवाओं के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। शिखरफाल के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे में थार के नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती और युवक को बड़ी मुश्किल के बाद खाई से निकाल लिया गया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान भार्गव शर्मा (24), निवासी पंडितवाड़ी, देहरादून और दिशा रावल (24), निवासी प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है। रेस्क्यू के दौरान पता चला कि वाहन में एक और युवक भी सवार था, जो थार के नीचे चट्टानों के बीच फंसा हुआ है। इसके बाद एसडीआरएफ ने सघन सर्च अभियान चलाया और देहरादून से क्रेन मंगवाई गई।
लंबे प्रयासों के बाद टीम ने थार के नीचे दबे युवक को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान मोहित, निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राजपुर प्रदीप रावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानी और सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत को रेखांकित करता है।



