crimeUttarakhand

पारिवारिक रिश्ते तार-तार, चाची ने बेटों के साथ मिलकर की हत्या और शव जंगल मे छिपा दिया 

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया हत्या का खुलासा, मृतक की चाची और तीन चचेरे भाइयों को किया गिरफ्तार

Round The Watch News: पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक रिश्तों को तार-तार करते हुए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मृतक की चाची और चचेरे भाइयों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में छिपा दिया।

मृतक की पहचान धारचूला विकासखंड के किमखोला गांव के भगतिरुवा तोक निवासी कुंदन सिंह रजवार (वनराजि) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 22 मार्च की शाम पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बसंती देवी और उसके तीन बेटों रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह ने लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडों से कुंदन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना घातक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को छिपाने की कोशिश की। अगले दिन सुबह वे शव को घर से उठाकर झिपुखोला गधेरा के जंगल में ले गए और पत्थरों व मिट्टी से ढक दिया, ताकि किसी को शक न हो।

घटना का खुलासा तब हुआ जब 23 मार्च को मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और महज 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button