गैस के संकट के बीच सीएम धामी अचानक रेस्तरां पहुंच गए
संकट गहराने पर कोरोनाकाल की तरह सभी से की एकजुटता की अपील

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी के गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण कर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद संचालकों से बातचीत कर सप्लाई और खपत से जुड़ी जानकारी हासिल की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल राज्य में गैस आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, लेकिन आने वाले समय में यदि किसी तरह की चुनौती सामने आती है तो सभी को संयम और सहयोग के साथ उसका सामना करना होगा। उन्होंने लोगों को कोरोना काल की तरह एकजुटता दिखाने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि गैस की उपलब्धता जारी है, हालांकि सप्लाई में हल्की कमी महसूस की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि खपत को संतुलित रखने के लिए तंदूर जैसे विकल्पों का अधिक उपयोग किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की।
सीएम धामी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों, जैसे-इंडक्शन और अन्य साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों और व्यवसायों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, देशभर में गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार भी हर स्तर पर निगरानी रखते हुए आवश्यक कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ-साथ आम नागरिकों से अपील की कि वे संसाधनों का समझदारी से उपयोग करें और किसी भी संभावित स्थिति में सहयोग की भावना बनाए रखें।



