crimeDehradun

ब्रिगेडियर हत्याकांड में 03 और आरोपी गिरफ्तार, कुल 07 पहुंच चुके सलाखों के पीछे, 03 अभी फरार

जेन-जी बार मे रातभर शराब पीने के बाद दो गुटों के बीच गोलीकांड में चली गई थी रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी की जान

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 03 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना एक बार में जमकर शराब पीने और फिर बिल को लेकर हुए विवाद से शुरू होकर सड़क पर पीछा करने और गोलीबारी तक जा पहुंची, जिसकी चपेट में एक निर्दोष बुजुर्ग रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी आ गए थे। मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

क्या था पूरा मामला?
30 मार्च 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि मालसी की ओर से आ रही दो कारों, स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के बीच पीछा करने के दौरान गोलीबारी हुई। इस फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी रिटायर्ड ब्रिगेडियर (निवासी तुला अपार्टमेंट, जोहड़ी गांव) को गोली लग गई। उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बार में शुरू हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर सवार लोग कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में काम करते थे। 29 मार्च की रात बार में आए स्कार्पियो सवार युवकों शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी, कविश त्यागी और उनके साथियों के साथ बिल को लेकर विवाद हुआ था।

अगली सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे का पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली राह चलते मुकेश जोशी को लग गई, जिससे उनकी जान चली गई।

पहले 4 आरोपी हुए थे गिरफ्तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही चार आरोपियों रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर, संदीप कुमार और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनके पास से 2 देशी तमंचे और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।

अब 3 और आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब तीन और आरोपियों को दबोच लिया है। जिनमें आदेश गिरी (50 वर्ष), निवासी शिवपुरी गड़ीपुता, शामली (UP), समीर चौधरी (21 वर्ष), निवासी गदर जुड्डा, मंगलौर (हरिद्वार) और मोहित अरोड़ा (28 वर्ष), निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली शामिल है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों शांतनु त्यागी, कविश त्यागी और वैभव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस पूरे मामले में हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपि यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटी-सी कहासुनी कैसे हिंसक रूप लेकर निर्दोष लोगों की जान ले सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button