crimeUttarakhand

पुलिस चौकी में तोड़फोड़, सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा

चौकी में आरोपी की पिटाई करने से पुलिस ने रोका तो भड़क उठे परिजन

Round The Watch News: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर बुधवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया और हिरासत में लिए गए आरोपी चालक की पिटाई कर दी। जब पुलिस ने ग्रामीणों से आरोपी को बचाने की कोशिश की तो उग्र भीड़ ने चौकी में भी तोड़फोड़ कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांगड़ी क्षेत्र निवासी प्रवेश किमोठी अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर एक तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवेश किमोठी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया और उसे नजदीकी पुलिस चौकी में बैठा दिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर परिवार और गांव में पहुंची, बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण चौकी पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी के भीतर घुसकर आरोपी चालक के साथ मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ का गुस्सा बढ़ता गया। हंगामे के दौरान चौकी परिसर में तोड़फोड़ की भी सूचना है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और श्यामपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक चौकी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चौकी में हुई तोड़फोड़ के मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button