एसएसपी ने किया रोडवेज बस का पीछा, लगी थी आग और फिर बच गई कइयों की जान
एसएसपी नैनीताल के प्रयासों की हो रही सराहना, हो सकता था बड़ा हादसा

Round The Watch News: अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही उत्तराखंड रोडवेज की एक बस में नैनीताल रोड पर अचानक भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अचानक टायर से उठीं आग की लपटें
यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस (संख्या UK07 PA 6128) अल्मोड़ा से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान हल्द्वानी के नैनीताल रोड पर बस के टायरों के नीचे से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। बस चालक शिवराज सिंह बिष्ट, निवासी अल्मोड़ा, इस खतरे से पूरी तरह अनजान थे और बस को लगातार आगे बढ़ा रहे थे।
SSP ने दिखाई तत्परता, बस को रुकवाया
इसी दौरान नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टीसी अपने वाहन से उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने बस से उठती आग की लपटों को देखा और तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा।
SSP ने तुरंत अपनी गाड़ी से बस को ओवरटेक कर उसे रुकवाया। बस रुकते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे और अपनी टीम, गनर व चालक की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पेट्रोल पंप से मंगवाए फायर एक्सटिंग्विशर
आग को फैलने से रोकने के लिए SSP ने पास स्थित पेट्रोल पंप से तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाए। पुलिस टीम ने मिलकर टायर में लगी आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित
इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। समय पर कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
SSP की अपील
SSP मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा से पहले और दौरान अपने वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य करते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



