18 टीमों के बीच कल से शुरू होगा डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग, 05 लाख का होगा पहला इनाम
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होंगे मुकाबले, अध्यक्ष दीपक जोशी ने दी जानकारी
Rajkumar Dhiman, Dehradun: डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग (DCL) का आगाज कल शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ होगा। टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लीग में कुल 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं और टूर्नामेंट विजेता को 05 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी, उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक जोशी ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि डीसीएल का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल करेंगे। उद्घाटन मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके अलावा टूर्नामेंट के अन्य मुकाबले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में भी आयोजित किए जाएंगे।
लोक संस्कृति की भी दिखेगी झलक
जोशी के अनुसार इस बार डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी ने क्रिकेट के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को भी मंच देने का निर्णय लिया है। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध लोक नर्तिका एवं गायिका श्वेता मेहरा और प्रख्यात लोक गायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों के अनुसार, खेल और लोक संस्कृति के इस संगम से उद्घाटन समारोह को विशेष आकर्षण मिलेगा।
विजेता को पांच लाख रुपये
डीसीएल में खिलाड़ियों और टीमों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 05 लाख रुपये , उपविजेता को 03 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 01 लाख रुपये और चौथे स्थान की टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा अध्यक्ष दीपक जोशी की ओर से कई व्यक्तिगत और टीम आधारित विशेष पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है।
वहीं, आयोजन को सफल बनाने के लिए हुई बैठक में टूर्नामेंट के संचालन, अनुशासन और प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। बैठक में सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक जोशी, सचिव विनेश राणा, वाइस प्रेसिडेंट किरण सिंह, जॉइंट सेक्रेटरी आशुतोष विमल और ट्रेजरार अमित घई मौजूद रहे।
डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी ने खेलप्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि डीसीएल को खेल और उत्तराखंड की संस्कृति के शानदार संगम के रूप में आयोजित किया जाएगा।



