crimeDehradunpolice

दून में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी कार, 04 गिरफ्तार

हरियाणा नंबर की कार में सवार चालकों ने किया दुस्साहस, अब शिकंजे में

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान कानून को ठेंगा दिखाते हुए भागने की कोशिश करने वाले युवकों का खतरनाक दुस्साहस आखिरकार भारी पड़ गया। पुलिस को कुचलकर फरार होने की सनसनीखेज वारदात में शामिल 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घायल चालक का इलाज चल रहा है। हादसे में पुलिस कर्मी लोकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल लेहमन अस्पताल और फिर महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने घायल कर्मी का हाल जाना और चिकित्सकों को समुचित इलाज के निर्देश दिए।

चेकिंग से शुरू हुआ खौफनाक खेल
7 अप्रैल की देर रात विकासनगर क्षेत्र के डाकपत्थर तिराहे पर पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर (एचआर87पी6040) की एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन कार सवार युवकों ने रुकने के बजाय अचानक रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भाग निकले। संदेह गहराते ही पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट किया, जिसके बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने जाना घायल पुलिस कर्मी लोकेंद्र का हाल।

धनवंतरी चौक पर मचा हड़कंप
कुछ ही देर में यह कार धनवंतरी चौक के पास नजर आई, जहां पुलिस ने घेराबंदी की कोशिश की। खुद को घिरता देख चालक ने खतरनाक कदम उठाया—कार को बैक करते हुए पहले सरकारी वाहन में टक्कर मारी और फिर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचल दिया। इस दौरान एक स्थानीय राहगीर ने बहादुरी दिखाते हुए कार रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भी टक्कर लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

भागते-भागते हुआ एक्सीडेंट
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गली-मोहल्लों के रास्ते भागते रहे, लेकिन उनकी रफ्तार ज्यादा देर तक साथ नहीं दे सकी। बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन पीछा कर रही पुलिस टीम ने घायल चालक को पकड़ लिया और उसकी निशानदेही पर बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

नशे में धुत थे आरोपी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि कार में सवार सभी युवक शराब के नशे में थे। पुलिस से बचने के लिए वे मुख्य सड़कों से हटकर अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन आखिरकार कानून के शिकंजे से बच नहीं सके।

मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
मामले में कोतवाली विकासनगर में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घायल पुलिसकर्मी और राहगीर का इलाज जारी है और आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त
01- साहिल पुत्र श्री आनन्द सिंह निवासी टीचर कॉलोनी डाकपत्थर कोतवाली विकासनगर जिला देहरादून, उम्र 20 वर्ष
02- आयुष पुत्र श्री मूसा मसीह निवासी पहाडीगली मार्टेंडेल, थाना विकासनगर, जिला देहरादून, उम्र 24 वर्ष
03- अंशुल चौहान पुत्र दिलीप चौहान निवासी जीवनगढ कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून स्थायी निवासी हयब टकरी, थाना चकराता, जनपद देहरादून, उम्र 21 वर्ष
04- प्रियांशु पुत्र श्री पूरन सिंह निवासी बामनवाला हरिपुर, कालसी जिला देहरादून, उम्र 21 वर्ष

अस्पताल में उपचाराधीन वाहन चालक
01- गौरव चौधरी पुत्र श्री सुधीर चौधरी निवासी निवासी नई कॉलोनी, निकट गोगामाडी मंदिर डाकपत्थर, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button