आईजी की मां पर अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल, केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज
पुलिस पर पूर्व में लगाए आरोप जांच में निकले बेबुनियाद, धर्मेंद्र रौतेला को क्लीन चिट

Round The Watch, Desk: सोशल मीडिया पर विवादित गतिविधियों को लेकर चर्चाओं में रहे केशव थलवाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक ओर जहां उनके खिलाफ गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप की मां पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस पर लगाए उनके पुराने आरोप जांच में गलत पाए गए हैं।
अभद्र टिप्पणी पर केस दर्ज
ताजा मामले में चुखूवाला निवासी सागर सोनकर की शिकायत पर शहर कोतवाली में केशव थलवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि वह “KESHAV SINGH” नाम से फेसबुक आईडी चलाते हुए “जागो उत्तराखंड” और “जागो भारत” जैसे पेजों पर पुलिस विभाग के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करता रहा है। शिकायत के अनुसार, हाल ही में आरोपी ने एक फोटो पोस्ट कर आईजी राजीव स्वरूप की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे दलित समाज में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पर लगाए आरोप निकले झूठे
वहीं, करीब छह माह पहले केशव थलवाल ने पुलिस पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। उनका दावा था कि मसूरी रोड से हिरासत में लेकर कोटी कॉलोनी थाने में उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस प्रकरण की जांच गढ़वाल रेंज के निर्देश पर सीओ सदर पौड़ी द्वारा की गई। विस्तृत जांच और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र रौतेला पर लगाए गए सभी आरोप निराधार पाए गए हैं और उन्हें क्लीन चिट दे दी गई है।
दोहरे घटनाक्रम से चर्चा तेज
एक ओर अभद्र टिप्पणी को लेकर दर्ज मुकदमा और दूसरी ओर पुराने आरोपों का खारिज होना—इन दोनों घटनाक्रमों ने केशव थलवाल को लेकर प्रदेश में नई बहस छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में कार्रवाई तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।



