crimeUttarakhand

सिडकुल में कार में मिला हथियारों का जखीरा, बड़ी साजिश की आशंका

सिडकुल में स्विफ्ट कार से तमंचे समेत 255 जिंदा कारतूस बरामद

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: सितारगंज के सिडकुल क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। बिना नंबर प्लेट की एक सफेद स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में असलाह और कारतूस बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को शक है कि आरोपी हथियारों को जंगल में ठिकाने लगाने जा रहे थे।

बुधवार को सिडकुल क्षेत्र में गश्त के दौरान एसओजी और स्थानीय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 02 संदिग्ध युवक सफेद स्विफ्ट कार में सवार होकर फेस-2 इलाके से जंगल की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने लेबर चौक के आगे कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध कार मौके पर दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक ने कार पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बारिश से कीचड़ भरे रास्ते में वाहन फंस गया। इसी दौरान टीम ने कार को चारों ओर से घेर लिया और दोनों युवकों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरेंद्र सिंह उर्फ हनी निवासी बिरिया फार्म सिसैया और निखिल उर्फ रानू निवासी केशवनगर, सितारगंज के रूप में बताई।

कार की तलाशी में पुलिस को दो पोनिया 12 बोर, एक रिवाल्वर 32 बोर, एक तमंचा 32 बोर, एक तमंचा 315 बोर, इसके अलावा कुल 255 जिंदा कारतूस तथा 119 खोखा कारतूस बरामद हुए। बरामद कारतूस 12, 32 और 315 बोर के बताए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस उनके घर तक पहुंच गई थी और पूछताछ की भनक लगने के बाद वे घबराकर हथियारों को जंगल में छिपाने के लिए ले जा रहे थे, ताकि कार्रवाई से बच सकें। इसी कारण उन्होंने सुनसान और कच्चा रास्ता चुना।

पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के पास वाहन के वैध कागजात भी नहीं मिले। पूरीबकार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और बरामद असलाह को सील कर विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 26 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था। साथ ही किसी बड़े गिरोह या नेटवर्क से कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button