countrycrime

वीडियो: दून में आतंकी साजिश नाकाम: पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े युवक को STF ने दबोचा

संवेदनशील ठिकानों की रेकी कर पाकिस्तान भेज रहा था जानकारी; TTH के नाम पर दहशत फैलाने की थी योजना

Rajkumar Dhimnan, Dehradun: उत्तराखण्ड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर संभावित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपी विक्रांत कश्यप (29) झाझरा, प्रेमनगर का निवासी है, जिसके तार पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तानी आतंकी संगठन अल बर्क ब्रिगेड से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा के संपर्क में था। वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से इनके निर्देशों पर काम कर रहा था।
संवेदनशील ठिकानों की कर रहा था रेकी एसटीएफ के मुताबिक आरोपी देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी और सैन्य संस्थानों—जैसे आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय आदि—की लोकेशन और वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। इन सूचनाओं का इस्तेमाल संभावित हमलों की साजिश में किया जाना था।

TTH के नाम पर दहशत फैलाने की साजिश
आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” के नाम से शहर में डर फैलाने का टास्क भी मिला था। उसने सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा क्षेत्र में दीवारों पर TTH लिखकर उसकी वीडियो बनाकर अपने हैंडलर्स को भेजी।

दिल्ली में हमले की भी थी योजना
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का टास्क दिया गया था। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था।
Sidhu Moose Wala की हत्या से हुआ प्रभावित
आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का फैन था और उनकी हत्या से आक्रोशित था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वह पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे उसके प्रभाव में आकर इस नेटवर्क का हिस्सा बन गया।
हथियार और मोबाइल बरामद
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं, जिन पर विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर जांच जारी है।
STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि राज्य में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button