कोटद्वार में फिल्मी स्टाइल कार चोरी का खुलासा, जंगल में छिपाई XUV3XO बरामद, नाबालिग समेत 02 गिरफ्तार
कार के साथ उसमें रखे गहने और शूट भी किए गए बरामद, आरोपियों का रहा आपराधिक इतिहास
Round The Watch News: सगाई समारोह में शामिल होने आए परिवार की कार चोरी कर फरार हुए शातिरों का पुलिस ने तेजी से पर्दाफाश कर दिया। पुलिस बैरियर और सख्त चेकिंग देखकर चोर कार को जंगल में छिपाकर भाग निकले, लेकिन सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के दम पर पुलिस ने पूरे गिरोह को बेनकाब कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है और एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
वादी मनीष आर्या ने 14 अप्रैल 2026 को कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि वह 13 अप्रैल को परिवार के साथ सगाई समारोह में शामिल होने कोटद्वार आए थे। उन्होंने अपनी XUV3XO कार फ्रेडल पब्लिक स्कूल, निंबूचौड़ के पास गली में खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर उड़ा ले गए। कार में ज्वैलरी और अन्य कीमती सामान भी रखा था। इस पर पुलिस ने मु.अ.सं. 88/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
80 CCTV खंगाले, ऐसे खुली साजिश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और स्थानीय मुखबिरों से जानकारी ली। जांच में सामने आया कि ध्रुव दुआ ने अपने साथियों साहिल खन्ना और एक नाबालिग के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।
बैरियर देखकर बदला प्लान, जंगल में छिपाई कार
तीनों आरोपियों ने 13 अप्रैल की रात निंबूचौड़ से कार चोरी की और फरार हो गए। लेकिन जाफराबाद क्षेत्र में पुलिस बैरियर और सख्त चेकिंग देखकर घबरा गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने कार को नजीबाबाद रोड पर शुक्रो नदी पुल के पास जंगल में छिपा दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस ने पूछताछ और निशानदेही के आधार पर चोरी की UK06BP 8506 XUV3XO कार (सफेद) बरामद की कार में रखे सोने का मंगलसूत्र और 4 जोड़ी कोट-पैंट भी बरामद किए मामले में आरोपी ध्रुव दुआ (पुत्र केवल दुआ, निवासी बड़ाखेड़ा, गदरपुर, उधमसिंह नगर) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
साहिल खन्ना (पुत्र मदन खन्ना, निवासी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर) फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। एक नाबालिग को संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
ध्रुव दुआ पहले भी कई मामलों में लिप्त रहा है। उस पर मु.अ.सं. 110/24 – मारपीट, गाली-गलौज, धमकी (थाना गदरपुर), मु.अ.सं. 154/2026 – धोखाधड़ी (कोतवाली रुद्रपुर) दर्ज हैं।
इन धाराओं में केस दर्ज
धारा 303(2) बीएनएस
धारा 61(2), 317(2) बीएनएस (बढ़ोत्तरी)
पुलिस टीम जिसने किया खुलासा
उ.नि. रणजीत तोमर (प्रभारी CIU)
उ.नि. सैय्यदुल बहार
उ.नि. वेद प्रकाश
कांस्टेबल: चंद्रपाल, सतीश शर्मा, अनुज बर्मा, राकेश आजाद
CIU: हरीश, शितांशु
होमगार्ड: कुलदीप



