पुलिस कर्मी को डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, हाथ अलग हुआ
फोरेंसिक साइंस लैब से रिपोर्ट लेकर लौट रहे थे पुष्कर रौतेला, पत्नी का हाल बुरा

Round The Watch News: हल्द्वानी में एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे समेत पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रुद्रपुर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बेलबाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका दाहिना हाथ शरीर से अलग होकर सड़क पर जा गिरा।
घायल पुलिसकर्मी की पहचान पुष्कर रौतेला के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के टीपी नगर चौकी में तैनात हैं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल रौतेला सरकारी कार्य से फॉरेंसिक साइंस लैब गए थे। शाम को बाइक से लौटते समय सामने से आ रहे डंपर ने एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उसने कांस्टेबल की बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भावुक दृश्य, पत्नी बेसुध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में कांस्टेबल की पत्नी भी पहुंचीं, जहां उनकी हालत देख वे बेसुध हो गईं। वे बार-बार ऑपरेशन थिएटर में जाने की कोशिश करती रहीं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह संभाला।
विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए गए
घायल की स्थिति को देखते हुए रुद्रपुर से न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को विशेष रूप से बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से इलाज की पूरी जानकारी ली।
आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घायल कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।



