crimeUttarakhandआपदा प्रबंधन

बेटे को बचाते हुए नदी में डूबा हरियाणा का मनदीप, हिमाचल पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, उत्तराखंड पुलिस ने की प्रक्रिया पूरी

मनदीप ने बेटे को बचा लिया था, लेकिन खुद की जिंदगी से हार गया, घूमने आया था परिवार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हिमाचल-उत्तराखंड सीमा से सटे गुप्त सहस्त्रधारा क्षेत्र में रविवार को एक मार्मिक हादसा सामने आया, जहां बेटे को डूबने से बचाने की कोशिश में पिता की जान चली गई। मृतक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर जनपद के रादौर क्षेत्र स्थित गांव जगूड़ी निवासी 39 वर्षीय मनदीप कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ घूमने आया था। हालांकि, इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश की पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही। फिर उत्तराखंड की कालसी क्षेत्र की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

जानकारी के अनुसार, मनदीप कुमार परिवार के साथ गुप्त सहस्त्रधारा क्षेत्र में टौंस नदी में नहा रहा था। इसी दौरान उसका पुत्र अचानक गहरे पानी में जाने लगा और डूबने की स्थिति बन गई। बेटे को बचाने के लिए मनदीप बिना देर किए नदी में उतरा और किसी तरह उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस प्रयास में वह खुद तेज बहाव और गहराई में फंस गया। देखते ही देखते वह पानी में समा गया।

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए सरकारी अस्पताल विकासनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली कालसी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

बताया गया कि घटना स्थल हिमाचल प्रदेश की सीमा में आता है, जिस कारण शुरुआती स्तर पर पुलिस कार्रवाई को लेकर समन्वय में कुछ समय लगा, लेकिन बाद में कालसी पुलिस ने आगे की प्रक्रिया संभाली। कोतवाल अरविंद चौधरी के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी नदियों में छिपे खतरे की याद दिलाता है, जहां तेज बहाव और अचानक गहराई पर्यटकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं, बेटे को बचाने के लिए पिता का अंतिम क्षण तक संघर्ष हर किसी को भावुक कर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button