राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, महिला की मौत, 16 घायल
हरिद्वार में शांतिकुंज के पास हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

Amit Bhatt, Dehradun: धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों में अफरा-तफरी मचा दी। शांतिकुंज गेट नंबर-3 के पास राजस्थान से आए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस और डंपर की टक्कर के बाद बस बीच हाईवे पर पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों से भरी बस सर्विस लेन से मुख्य हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान रायवाला की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क पर पलट गई, जबकि अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस के पलटने से कई यात्री अंदर फंस गए, जबकि कुछ लोग बस के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार बस में करीब 40 यात्री सवार थे और सभी राजस्थान के विभिन्न जिलों से हरिद्वार दर्शन के लिए आए थे। हादसे में जान गंवाने वाली महिला राजस्थान के नागौर जिले की निवासी बताई जा रही है। वह अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ तीर्थ यात्रा पर आई थी।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां कई यात्रियों का उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।
तीर्थनगरी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों के परिजन घटना की खबर मिलते ही चिंतित हो उठे हैं, जबकि प्रशासन राहत एवं उपचार कार्यों पर नजर बनाए हुए है।



