
Amit Bhatt, Dehradun: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में पालतू कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की एफआईआर तक पहुंच गया है। पहले पुलिस विभाग के एक दरोगा और उनके बेटे की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। अब दूसरे पक्ष की ओर से भी दरोगा के परिवार पर मारपीट, धमकी और महिलाओं से अभद्रता के आरोप लगाते हुए क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता धर्मेंद्र भट्ट निवासी इंद्रप्रस्थ लेन-16, अपर नत्थनपुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी मालती के साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि जब वह अपने गेट पर पहुंचे तो पड़ोसी शुभम के परिजन (ससुर और साले) अपना कुत्ता उनके गेट के बाहर घुमा रहे थे। जैसे ही उन्होंने गेट खोला, उनका कुत्ता दूसरे कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर बाहर आ गया। दोनों कुत्तों के बीच झगड़ा होने पर उन्होंने उन्हें अलग करा दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद शुभम का साला उन्हें गोली मारने की धमकी देने लगा। कुछ देर बाद शुभम अपने साथ 7-8 युवकों को लेकर उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे और उन्होंने परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों के सामने महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दो महिलाएं बेहोश हो गईं। उन्हें उपचार के लिए बलूनी अस्पताल ले जाना पड़ा।
पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 251/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा कायम किया है। एफआईआर में मुख्य आरोपी के रूप में शुभम और एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धनी राम पुरोहित को सौंपी गई है।
इससे पहले इसी घटना में पुलिस विभाग के एक दरोगा और उनके बेटे की ओर से भी दूसरे पक्ष पर हमला, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब एक ही घटना में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



