देहरादून में लगातार दूसरे दिन स्कूल बंद, भारी से अत्यधिक भारी बारिश के रेड अलर्ट पर डीएम का आदेश
10 जुलाई को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Rajkumar Dhiman, Dehradun: भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद देहरादून जिले में लगातार दूसरे दिन स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026, शुक्रवार को अवकाश रहेगा। आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून जिले के कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में जलभराव, भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में प्रशासन किसी भी संभावित खतरे से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठा रहा है।



