Dehradunराजनीति

राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों में बड़ा हादसा, कांग्रेस नेता की मौत

टेंट लगाने के दौरान लोहे का भारी एंगल गिरने से हुआ हादसा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने का कार्य चल रहा था, तभी लोहे का एक भारी एंगल कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें आनन-फानन में सीएमआई अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर पर भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

अमर मेहता के निधन की सूचना मिलते ही सीएमआई अस्पताल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस हादसे के बाद कांग्रेस संगठन में शोक का माहौल है। वहीं, राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर भी मंथन शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम तय समय पर आयोजित किया जाए या उसमें बदलाव किया जाए, इस पर वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा चल रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय या बयान जारी नहीं किया गया है।

उधर, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। कांग्रेस ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए अमर मेहता के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button