उत्तराखंड में युवती से गैंगरेप, किडनैप कर बनाया हवश का शिकार
रुद्रपुर की घटना, तीन आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Round The Watch News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक युवती ने 03 युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कंपनी में कार्यरत है पीड़िता
रुद्रपुर कोतवाली के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी के अनुसार, पीड़िता सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया कि शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी।
तीन युवक एक बाइक पर पहुंचे, जबरन साथ ले जाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, उसी दौरान एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने चारों को रोक लिया और जबरन अपने साथ गदरपुर की दिशा में ले जाने लगे। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध अपनी बाइक पर बैठा लिया।
रास्ते में दो लोग भागने में हुए सफल
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रास्ते में मौका मिलते ही उसकी सहेली और उसके साथ मौजूद एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले। हालांकि, वह स्वयं और दूसरा युवक आरोपियों के कब्जे में ही रह गए और उन्हें आगे ले जाया गया।
युवक को बीच रास्ते उतारा, युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने गदरपुर की ओर जाते समय पीड़िता के साथ मौजूद दूसरे युवक को रास्ते में उतार दिया। इसके बाद तीनों युवकों ने युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि वारदात के बाद रविवार सुबह आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए।
मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।



