DehradunForest And Wildlife

देहरादून में दूध लेकर जा रही महिला पर हाथी का हमला, सूंड से पटक-पटककर मार डाला

मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के नाम पर पारंपरिक ढर्रे से बाहर नहीं निकल पा रहा वन विभाग, नागरिकों का सब्र देने लगा जवाब

Round The Watch News: डोईवाला के थानों क्षेत्र में सोमवार शाम जंगली हाथी के हमले में 37 वर्षीय महिला अंजली गुप्ता की मौत हो गई। धन्याड़ी गांव के पास जंगल से निकलकर आए हाथी ने महिला पर हमला कर दिया और सूंड से उठाकर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल अंजली को ग्रामीण और राहगीर देहरादून के सीएमआई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

अंजली गुप्ता का एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग पर धन्याड़ी में रेस्टोरेंट है। सोमवार शाम करीब 7:15 बजे वह घर से दूध लेकर पैदल अपने रेस्टोरेंट की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान जंगल से सटे इलाके में अचानक सामने आए जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने बचने के लिए शोर मचाया, लेकिन हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया।

अंजली की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े। लोगों के पहुंचने पर किसी तरह हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया। हमले में अंजली की कई पसलियां टूट गई थीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ी थीं। ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें देहरादून के सीएमआई अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

अस्पताल में अंजली की हालत गंभीर बनी रही। देर रात करीब 37 वर्षीय अंजली ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र के लोगों में भी आक्रोश फैल गया। देर रात डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार धीरेंद्र पंवार अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। वन विभाग की टीम और पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि थानों क्षेत्र के जंगल से लगे गांवों में हाथियों की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। आबादी वाले इलाकों में हाथियों की रोकथाम के लिए ग्रामीण लगातार सोलर फेंसिंग की मांग कर रहे हैं। इसी वर्ष जनवरी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी ग्रामीणों ने यह मांग उठाई थी, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

वन विभाग के रेंजर एनएल डोभाल ने बताया कि घटना जंगल से बिल्कुल सटे क्षेत्र में हुई है। वन विभाग की टीम मौके और अस्पताल में मौजूद है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button