
Rajkumar Dhiman, Dehradun: न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर प्रॉपर्टी कारोबारी को ब्लैकमेल करने के आरोप में पटेलनगर पुलिस ने अनुज अग्रवाल (46) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें अपने न्यूज़ प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर कारोबारी को बर्बाद करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित ने डरकर आरोपी के बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए बनाया गया सीक्रेट चैंबर मिलने और मोबाइल फोन से कई लोगों के गोपनीय वीडियो बरामद होने का भी पुलिस ने दावा किया है। इन वीडियो की जांच की जा रही है।
व्हाट्सएप कॉल कर दी धमकी, खबर नहीं चलाने के एवज में मांगे रुपये
पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं। वर्तमान में चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है।
19 अक्टूबर की सुबह उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कई व्हाट्सएप कॉल आईं। व्यस्त होने के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। इसके बाद संबंधित नंबर से उन्हें संदेश भेजा गया। संदेश भेजने वाले ने खुद को एक न्यूज़ प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए प्रॉपर्टी से जुड़े मामले में संपर्क करने की बात कही।
बाद में फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कारोबारी को धमकाया कि उसके पास उनकी प्रॉपर्टी से संबंधित कुछ खबरें हैं। इन खबरों को अपने न्यूज़ प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर वह उनके लिए परेशानी खड़ी कर देगा और उन्हें बर्बाद कर देगा। शिकायत के अनुसार, खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई।
डरकर जमा किए 50 हजार रुपये, बाकी रकम नहीं देने पर धमकी
शिकायत के मुताबिक, आरोपी की धमकियों से डरकर तनवीर खान ने उसके बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर था। रकम जमा करने के बाद जब उन्होंने आरोपी से दोबारा संपर्क किया तो पूरी रकम नहीं देने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें देख लेने तथा बर्बाद करने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और खाते में रकम जमा करने का प्रमाण भी उपलब्ध कराया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 773/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(4), 351(3) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
आईएसबीटी के पास से गिरफ्तारी, डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का चैंबर
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। जांच में उसके एक न्यूज़ प्लेटफॉर्म का संचालन करने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने आरोपी को 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि आरोपी इस चैंबर में मोबाइल छिपाकर लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था। आरोपी के मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है।
पटेलनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अनुज अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय आरएल अग्रवाल मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह वर्तमान में 129, द्वारिकापुरी, थाना क्लेमेंट टाउन, देहरादून में रह रहा था। उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पटेलनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, बलवा, मारपीट, अमानत में खयानत समेत विभिन्न आरोपों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे
आरोपी के विरुद्ध पटेलनगर कोतवाली में दर्ज निम्नलिखित नौ मुकदमों का उल्लेख:
1. मुकदमा संख्या 329/2010: आईपीसी की धारा 147, 323, 452, 504, 506 और 427।
2. मुकदमा संख्या 310/2010: आईपीसी की धारा 186, 224 और 225।
3. मुकदमा संख्या 121/2012: आईपीसी की धारा 341, 420, 467, 468, 504 और 506।
4. मुकदमा संख्या 364/2015: आईपीसी की धारा 420, 406, 504 और 506।
5. मुकदमा संख्या 397/2011: आईपीसी की धारा 420 और 506।
6. मुकदमा संख्या 24/2016: आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 504 और 506।
7. मुकदमा संख्या 87/2016: आईपीसी की धारा 420, 406, 504 और 506।
8. मुकदमा संख्या 136/2016: गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3।
9. मुकदमा संख्या 435/2017: गुंडा एक्ट की धारा 3(1)।
पुलिस के अनुसार इन मुकदमों के अतिरिक्त मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन मोबाइल फोन और डायरी बरामद
पटेलनगर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। पुलिस अब मोबाइल फोन से मिले गोपनीय वीडियो की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।



