
Aryan Walia, Dehradun: देहरादून में बंद मकानों को निशाना बनाने की फिराक में पहुंचे दो बदमाशों का आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद उनकी गतिविधियों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पटेलनगर के नयागांव में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हरिद्वार निवासी समीम और शहजाद के खिलाफ कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं। समीम के खिलाफ 15 और शहजाद के खिलाफ 09 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के नाम 07 मुकदमों में एक साथ दर्ज हैं। इस लिहाज से दोनों के खिलाफ कुल 17 अलग-अलग मुकदमे सामने आते हैं। दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों का नेटवर्क देहरादून और हरिद्वार तक फैला रहा है। इनके खिलाफ पटेलनगर, वसंत विहार, ऋषिकेश, कोतवाली नगर, गंगनहर और मंगलौर समेत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ वसंत विहार और रुड़की कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। खास बात यह है कि पटेलनगर क्षेत्र में वर्ष 2019 में दर्ज चोरी के मुकदमे के अलावा वर्ष 2026 में बंद मकानों में चोरी और नकबजनी से संबंधित तीन नए मुकदमों में भी दोनों के नाम सामने आए हैं। इनमें मुकदमा संख्या 769/26, 776/26 और 777/26 शामिल हैं।
समीम पर 15 मुकदमे, सात थाना क्षेत्रों तक फैला आपराधिक इतिहास
35 वर्षीय समीम पुत्र इलियास निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद, रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार के खिलाफ दर्ज मुकदमों का ब्योरा इस प्रकार है।
– पटेलनगर, देहरादून: मुकदमा संख्या 485/19 (धारा 380, 411, 454 भादवि), 769/26 (धारा 305(ए) बीएनएस), 776/26 और 777/26 (धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस)। कुल चार मुकदमे।
– ऋषिकेश: मुकदमा संख्या 526/18 (धारा 380/411 भादवि) और 533/18 (धारा 25/4 आर्म्स एक्ट)। कुल दो मुकदमे।
– वसंत विहार, देहरादून: मुकदमा संख्या 01/20 (धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट), 157/19, 158/19, 142/19 और 165/19 (धारा 380/411 भादवि)। कुल पांच मुकदमे।
– कोतवाली नगर, देहरादून: मुकदमा संख्या 427/19 (धारा 380/411 भादवि)।
– गंगनहर, रुड़की: मुकदमा संख्या 264/25 (धारा 351(2)/352 बीएनएस)।
– कोतवाली रुड़की: मुकदमा संख्या 05/19 (धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट)।
– बेतिया, बिहार: मुकदमा संख्या 55/20 (धारा 135 विद्युत अधिनियम)।
शहजाद पर नौ मुकदमे, इनमें चार पटेलनगर में
40 वर्षीय शहजाद पुत्र इखलाक निवासी पंपे के सामने कब्रिस्तान के पास, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं।
– पटेलनगर, देहरादून: मुकदमा संख्या 485/19 (धारा 454/380/411 भादवि), 769/26 (धारा 305(ए) बीएनएस), 776/26 और 777/26 (धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस)। कुल चार मुकदमे।
– वसंत विहार, देहरादून: मुकदमा संख्या 142/19 और 158/19 (धारा 380/411 भादवि) तथा 01/20 (धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट)। कुल तीन मुकदमे।
– मंगलौर, हरिद्वार: मुकदमा संख्या 1339/21 (धारा 25/3 आर्म्स एक्ट)।
– गंगनहर, हरिद्वार: मुकदमा संख्या 131/19 (धारा 110(जी) सीआरपीसी)।
सात मुकदमों में दोनों के नाम एक साथ
दोनों के आपराधिक इतिहास का मिलान करने पर सात मुकदमे ऐसे हैं, जिनमें दोनों आरोपितों के नाम दर्ज हैं। इनमें पटेलनगर का मुकदमा 485/19, वसंत विहार के मुकदमे 142/19, 158/19 और 01/20 तथा पटेलनगर के वर्ष 2026 के मुकदमे 769/26, 776/26 और 777/26 शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि दोनों लंबे समय से चोरी और नकबजनी की घटनाओं में साथ सक्रिय रहे हैं।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे बंद मकानों की रेकी
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल आरोपित फिर देहरादून पहुंचे हैं। वे अलग-अलग स्थानों पर घूमकर बंद मकानों की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने नयागांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास चेकिंग शुरू की। सिंहनीवाला की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया तो सवार दोनों व्यक्ति बाइक तेज गति से भगाकर चौकी नयागांव की ओर भाग निकले।
पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य थानों को सूचना देकर पीछा शुरू किया। भुड़पुर की ओर भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी।
मौके से पुलिस ने दो 315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने और चेकिंग से बचने के लिए बाइक पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
हरिद्वार में बेचते थे चोरी का सामान
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे शाम के समय बंद मकानों की रेकी कर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में पूर्व में की गई वारदातों से मिले सामान को हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच देते थे। 31 अक्टूबर को भी वे इसी मंशा से हरिद्वार से देहरादून पहुंचे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 827/26, धारा 109(1) बीएनएस और 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई हुई। पुलिस अब चोरी का सामान खरीदने वाले स्थानीय व्यक्ति और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में भी जांच कर रही है।



