Uttarakhandराजनीति

मुख्यमंत्री धामी के जाने के बाद विधायक ने मेले में की तोड़फोड़ और मारपीट

विधायक हरीश धामी को संबोधन के दौरान माइक बंद होने पर गुस्सा आ गया, जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में विवाद

Rajkumar Dhiman, Dehradun: जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी को संबोधन के दौरान माइक बंद होने पर गुस्सा आ गया। विधायक अपने समर्थकों के साथ साउंड सिस्टम संचालित कर रहे कर्मचारियों की ओर दौड़ पड़े। आरोप है कि इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट के साथ मंच पर तोड़फोड़ भी की गई। इसके बाद विधायक दोबारा मंच पर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक धामी सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

दरअसल, मुख्यमंत्री के जाने के बाद विधायक हरीश धामी माइक लेकर मंच पर संबोधन करने लगे। इसी दौरान उनके माइक का ऑडियो बंद हो गया। विधायक ने इसे अपनी अनदेखी से जोड़ते हुए नाराजगी जताई और साउंड सिस्टम संभाल रहे कर्मचारियों की ओर बढ़ गए। उनके साथ मौजूद समर्थक भी हंगामे में शामिल हो गए। इस दौरान साउंड कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने के साथ कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की गई।

‘स्थानीय विधायक को बोलने का मौका दिए बिना खत्म कर दिया कार्यक्रम’
विधायक हरीश धामी का आरोप था कि मेले की अध्यक्षता उनसे कराई गई, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम समाप्त कर जाने के बाद जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो माइक बंद कर दिया गया। माइक बंद होने से नाराज विधायक ने मंच से मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुख्यमंत्री जी, मैं आपको पहले से जानता था, आज देख भी लिया। आपने यहां के स्थानीय विधायक की बात सुने बगैर ही कार्यक्रम खत्म कर दिया।’

तोड़फोड़ और साउंड कर्मियों के साथ विवाद के बाद विधायक फिर मंच पर पहुंचे। उन्होंने माइक संभालते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और करीब 10 मिनट तक अपनी बात रखी। हालांकि, बाद में उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर हुए हंगामे और तोड़फोड़ के लिए जनता से माफी भी मांगी। विधायक ने कहा कि मामला जनता के अधिकारों से जुड़ा था, इसलिए वह खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के लिए वह सभी से माफी मांगते हैं।

हरीश रावत के लिए छोड़ दी थी धारचूला विधानसभा सीट
हरीश सिंह धामी उत्तराखंड कांग्रेस के उन नेताओं में शामिल हैं, जिनकी राजनीति मुख्य रूप से सीमांत क्षेत्र धारचूला और पिथौरागढ़ की स्थानीय समस्याओं के इर्द-गिर्द रही है। उनकी पहचान आक्रामक तेवर वाले क्षेत्रीय नेता के रूप में है। वह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी भी माने जाते हैं।

धामी के राजनीतिक सफर में वर्ष 2014 का घटनाक्रम खास महत्व रखता है। वर्ष 2012 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विजय बहुगुणा मुख्यमंत्री बने थे। वर्ष 2014 में हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद संभाला, लेकिन उस समय वह विधानसभा के सदस्य नहीं थे। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें विधानसभा की सदस्यता हासिल करनी थी। ऐसे में धारचूला से तत्कालीन विधायक हरीश सिंह धामी ने उनके लिए अपनी सीट छोड़ दी। इसके बाद हरीश रावत धारचूला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उतरे और विधायक बने। इस फैसले के कारण धामी को अपनी विधायकी छोड़नी पड़ी, हालांकि कांग्रेस की राजनीति में उनकी सक्रियता बनी रही।

पार्टी नेतृत्व के खिलाफ भी दिखा चुके हैं बागी तेवर
हरीश धामी के आक्रामक राजनीतिक तेवर केवल भाजपा सरकार तक सीमित नहीं रहे हैं। वह कई मौकों पर अपनी ही पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ भी खुलकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। जनवरी 2020 में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में सचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका आरोप था कि संगठन में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं और विधायकों को उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button