crimeDehradun

प्रेमनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश को गोली लगी, साथी फरार

चेकिंग के दौरान पुलिस को पिस्तौल दिखाकर हटने का इशारा, पीछा करने पर की फायरिंग

Round The Watch News: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों और पुलिस के बीच रविवार देर रात मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस के रोकने पर आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर कांबिंग कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिलेभर में ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार देर रात प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम ठाकुरपुर रोड पर टी-स्टेट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय पुलिस को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपी दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट के रास्ते निकलने लगे।

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान 32 वर्षीय इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान शमीम निवासी गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में की गई है।

टी-स्टेट और बिधौली रोड पर इसी महीने की थी गौकशी
पुलिस का कहना है कि घायल इरशाद प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटनाओं में शामिल था। इसी महीने टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम देने में उसकी संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी लेने पर पुलिस को एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक मिली। इसके अलावा मौके से एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी भी बरामद की गई है।

एसपी सिटी पहुंचे घटनास्थल, फरार आरोपी की तलाश में दबिश
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसपी सिटी शेखर सुयाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल और प्रेमनगर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ घायल आरोपी से भी पूछताछ की। पुलिस की टीमें अब फरार शमीम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौकशी, गौतस्करी और नशा तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। दूसरे राज्यों से देहरादून पहुंचकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले संदिग्धों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज किया गया है। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button