crimeDehradun

दून में नशेड़ी युवक ने छात्र से मांगे रुपये, नहीं मिले तो पीट डाला 

पीड़ित के पिता ने नेहरू कॉलोनी थाने में दी शिकायत, माता मंदिर रेलवे फाटक क्षेत्र में नशेड़ियों की गतिविधियों से लोग परेशान

Round The Watch News: स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र को नशे और सिगरेट के लिए रुपये नहीं देना भारी पड़ गया। आरोप है कि रुपये देने से इन्कार करने पर कुछ युवकों ने पहले उसे धमकाया और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद रेलवे पटरी के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपितों ने छात्र को अपहरण करने की धमकी भी दी। मारपीट के दौरान एक युवक ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया। पीड़ित के पिता जयदीप सैनी निवासी शीतल विहार (अजबपुर खुर्द) ने इस मामले में नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, घटना 14 नवंबर की दोपहर की है। धर्मपुर स्थित श्री गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ने वाला छात्र मिलन सैनी दोपहर करीब ढाई बजे छुट्टी के बाद अपने दो दोस्तों के साथ घर जा रहा था। स्कूल के बाहर उसे आर्यन और अनमोल पाल मिले। आरोप है कि आर्यन ने उससे नशा और सिगरेट खरीदने के लिए पैसे मांगे। छात्र ने रुपये देने से मना किया तो उसे धमकाया गया। आरोपित उसका फोन भी छीन ले गए। इसके बाद अपहरण की धमकी देते हुए उसका पीछा किया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रेलवे पटरी के पास मजार के सामने आर्यन ने छात्र को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सागर गुप्ता ने अपने मोबाइल फोन से मारपीट का वीडियो बनाया। छात्र किसी तरह वहां से बचकर निकला। पिता का कहना है कि घटना के अगले दिन भी आर्यन ने उनके बेटे को धमकाया। रुपये नहीं देने पर दोबारा मारपीट करने की चेतावनी दी। शिकायत में आर्यन पर पहले भी छात्र को धमकाने और रेलवे पटरी के पास बैठकर नशा करने के आरोप लगाए गए हैं।

माता मंदिर रेलवे फाटक के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में माता मंदिर रेलवे फाटक के आसपास नशेड़ियों की गतिविधियां स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं। आरोप है कि क्षेत्र में नशे के आदी लोगों का जमावड़ा रहता है और आए दिन आपराधिक गतिविधियां सामने आती हैं। रेलवे पटरी के आसपास इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय लोगों के साथ ही वहां से गुजरने वाले बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्कूली छात्र के साथ मारपीट की शिकायत ने इस क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और नशे के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत को फिर रेखांकित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button