स्वास्थ्य

दून में आज से ‘मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत

गर्भवती व बच्चों को छूटे हुए टीके लगाए जाएंगे

देहरादून: मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत आज गांधी शताब्दी चिकित्सालय से की जाएगी। इस अभियान के तहत जनपद में गर्भवती महिलाओं एवं जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को छूटे हुए टीके लगाए जाएंगे। जनपद में पहली बार टीकाकरण का आन स्पाट आनलाइन पंजीकरण यू-विन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। टीकाकरण के बाद डिजिटल टीकाकरण कार्ड तैयार किया जाएगा जो पोर्टल में हमेशा सुरक्षित रहेगा और उसे कभी भी डाउनलोड किया जा सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय जैन ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा। जनपद में प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त, दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर व तीसरा चरण 9-14 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान ऐसी गर्भवती महिलाओं एवं जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा, जिनके टीके किसी भी कारणवश छूट गए हैैं। उन्होंने जनता से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती महिलाओं को छूटे हुए टीके अवश्य लगवाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 वन्दना सेमवाल ने जानकारी दी कि इस अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के कुल 5557 बच्चों तथा 1690 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इनमें से 273 बच्चे ऐसे हैं जो ड्रापआउट हैं। उनके छूटे हुए टीके लगाये जाएंगे। इस अभियान के तहत टीकाकरण के लिए जनपद में 471 सेशन होंगे। टीकाकरण से पूर्व लाभार्थी का पंजीकरण यू-विन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। यह पंजीकरण एएनएम/आशा के माध्यम से तथा स्वयं लाभार्थी के स्तर से भी किया जा सकेगा। टीकाकरण के विषय में अधिक जानकारी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम/आशा या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करके ली जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button