दून में कूड़ा उठाने का बदलेगा ढर्रा, कूड़ेदान भी चमकेंगे
नगर निगम प्रशासक/जिलाधिकारी ने कहा कूड़ा उठाने के साथ सड़क से मलबा भी हटाएं
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231204-WA0006-780x470.jpg)
Amit Bhatt, Dehradun: नगर निगम की प्रशासक और जिलाधिकारी ने शहर की सफाई व्यवस्था में तमाम बदलाव करने के साथ ही कूड़ा उठान के पारंपरिक तौर-तरीकों में भी बदलाव के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के प्रशासक का पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जिलाधिकारी सोनिका निरंतर शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास कर रही हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिस भी सड़क से कूड़े का उठान किया जा रहा है, वहां सड़क पूरी तरह साफ नजर आनी चाहिए।
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231204-WA0005-300x135.jpg)
जिलाधिकारी सोनिका ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के मद्देनजर नगर निगम साभागर में अधिकारियों की बैठक ली जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि सड़क किनारे तमाम स्थानों पर पर्यावरण मित्र कूड़े का उठान कर रहे हैं। लेकिन, इस काम में सड़क को समुचित रूप से साफ नहीं किया जा रहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़ा उठाने के साथ ही सड़क से मलबा आदि भी साफ किया जाए। इस व्यवस्था को सुनिशित कराने की जिम्मेदारी मुख्य नगर सवांस्थ्य अधिकारी/सहायक नगर आयुक्त/सफाई निरीक्षक/सफाई नायकों को दी गई।
इसी तरह जिलाधिकारी ने कूड़ेदानों की स्थिति को लेकर भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे जो भी कूड़ेदान रखे गए हैं, उनकी दशा ठीक नहीं है और वह काफी गंदे हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कूड़ेदानों पर पेंट किया जाए और प्रातः कूड़ा उठाने के साथ ही वहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल, उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, रोहिताश शर्मा, मुख्य नगर सवास्थ्य अधिकारी डा अविनाश खन्ना आदि उपस्थित रहे।
![](https://roundthewatch.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231204-WA0004-300x135.jpg)
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में प्रतिभाग करते अधिकारी व कर्मचारीगण।
वर्दी और ग्लब्स के साथ उतरेंगे पर्यावरण मित्र
जिलाधिकारी सोनिका ने निर्देश दिए कि वार्डों में तैनात पर्यावरण मित्र (विशेषकर मुख्य मार्गों वाले) नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई वर्दी पहनकर काम करेंगे। इसके साथ ही वह ग्लब्स (दस्ताने) पहनकर ही कूड़ा उठाएंगे। जिलाधिकारी ने इस तरफ भी ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि पर्यावरण मित्र स्वीपिंग (झाड़ू लगाने) के दौरान विभिन्न स्थानों पर कूड़ा एकत्रित करते हैं। इसके बाद तुरंत कूड़ा एकत्रित न करने की दशा में दोबारा कूड़ा फैल जाता है। लिहाजा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि वह आवश्यक संसाधन जुटाकर कूड़े का शीघ्र उठान सुनिश्चित कराएंगे।
जोनल अधिकारियों को स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की भी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराएं। ताकि खराब पड़ी लाइटों को अविलंब ठीक किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी दिए गए दायित्वों का निर्वहन गंभीरता के साथ करें।