crimeDehradunUttarakhand

दून की थानो रोड पर पुल के नीचे बेहोश मिली महिला, सिर में लगी थी गोली 

महिला की पहचान हरिद्वार निवासी तान्या के रूप में हुई, उसके पति शुभम भी बताए जा रहे लापता, दोनों साथ निकले थे घर से

Amit Bhatt, Dehradun: दून की थानो रोड पर एक अजब मामला सामने आया है। यहां बड़ासी पुल के नीचे एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। जब पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल लाई तो ऑपरेशन के लिए की गई स्कैनिंग के दौरान उसके सिर पर गोली फंसी हुई पाई गई। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, वह कुछ अधिक बताने की स्थिति में नहीं है। महिला की पहचान के लिए उसकी फोटो व वीडियो को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया। जिसके बाद हरिद्वार से एक युवती काव्या ने थाना रायपुर पुलिस से संपर्क किया और 14 जनवरी को दून अस्पताल पहुंची। उसने महिला की पहचान अपनी बड़ी बहन तान्या निवासी ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में की।
दून अस्पताल में उपचार के दौरान तान्या, उलझी है अभी बेहोशी की गुत्थी।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि 13 जनवरी की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि थानों रोड बड़ासी पुल के नीचे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना पर तत्काल थानाध्यक्ष रायपुर कुंदन राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की पहचान के लिए उसकी फोटो व वीडियो को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया था। संभवतः इसी आधार पर हरिद्वार से एक युवती काव्या ने थाना रायपुर पुलिस से संपर्क किया और 14 जनवरी को दून अस्पताल पहुंची। उसने महिला की पहचान अपनी बड़ी बहन तानिया निवासी ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में की।

रहस्यमय बनी है परिस्थितियां, तान्या की हुई थी लव लैरिज
जांच में यह भी पता चला कि घायल तानिया का पति का नाम शुभम निवासी सोनीपत हरियाणा है। वर्ष 2020 में दोनों की लव मैरिज हुई थी। विवाह में दोनों परिवार के कुछ ही सदस्य शामिल हुए थे। शादी के बाद तानिया अपने पति के साथ सोनीपत में ही रहती थी। महिला का अपने मायके वालों से कम ही संपर्क होता था। तानिया ने अपनी छोटी बहन काव्या से करीब दो महीने पहले फोन पर बात की थी। महिला के ससुर व उसके भाइयों के बीच भी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सितंबर 2023 को महिला के ससुर प्रभु दयाल भी घर से कहीं चले जाने की सूचना मिली है और इस संबंध में सोनीपत थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज हुई है। उसके बाद तानिया व उसके पति के भी घर से कही चले जाने तथा अपना नंबर स्विच आफ कर लेने की जानकारी भी पुलिस को मिली थी।
आपरेशन हुआ, तब गोली लगने का पता लगा
पुलिस ने महिला के बयान के लिए मजिस्ट्रेट से अनुमति ली, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। चिकित्सक ने महिला का सीटी स्कैन देखकर सिर के अंदर गोली फंसी होना बताया। आपरेशन के बाद सिर से गोली निकली है। इस संबंध में महिला की बहन की तहरीर पर थाना रायपुर में अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की सुरक्षा के लिए पुलिस बल नियुक्त किया गया है।
03 माह पहले बंद हो गए थे तान्या व उसके पति के फोन
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि घायल तान्या के ससुर प्रभु दयाल सितंबर 2023 में गायब हो गए थे। इसके बाद तान्या व उनके पति भी उनकी तलाश में घर से कहीं निकल गए और अपना मोबाइल भी बंद कर दिया। तान्या देहरादून किस तरह से पहुंची, इसकी जानकारी अब तक पता नहीं लग पाई है। पुलिस की एक टीम सोनीपत भेजी गई है। रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद कोई जानकारी मिलने की संभावना है। क्योंकि, अभी तान्या के पति शुभम भी लापता बताए जा रहे हैं।
स्थिर है महिला की हालत: उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ डोभाल
चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत स्थिर है और उसके इस स्थिति से उबरने के संकेत मिल रहे हैं। वह अब थोड़ा थोड़ा बात भी कर रही है। अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डा. धनंजय डोभाल का कहना है कि महिला को 108 एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। उसे लावारिस के रूप में भर्ती किया गया। प्रारंभिक रूप से यह लग रहा था कि वह गिरकर चोटिल हुई है, पर सीटी स्कैन कराने पर सिर में किसी धातु के होने का पता लगा। सर्जरी पर यह गोली निकली। यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि सिर में गोली धंसी होने के बाद आज महिला स्वस्थ है। हालांकि, इसका आगे क्या प्रभाव दिख सकता है, यह कहना जल्दबाजी होगी। इसका शरीर के किसी हिस्से पर प्रभाव दिख सकता है, पर यह बाद में ही पता चल पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button