एक रात की दुल्हन ने बांटा एचआईवी, 05 के साथ मना चुकी सुहागरात
लुटेरी दुल्हन के रूप में कुख्यात ऊधमसिंहनगर निवासी महिला ने एचआईवी संक्रमण की पुष्टि के बाद भी दिया करतूत को अंजाम

Amit Bhatt, Dehradun: एक रात की दुल्हन का ऐसा सच सामने आया है, जिसने उन तमाम व्यक्तियों की नींद और चैन उड़ा दिया है, जो इसके साथ सुहागरात मना चुके हैं। लुटेरी दुल्हन नाम से कुख्यात यह महिला एचआईवी से संक्रमित है और यह जानते हुए भी उसने दूसरों को यह संक्रमण बांटने से जरा भी परहेज नहीं किया। महिला के संपर्क में आए 03 व्यक्ति अब तक एचआईवी से संक्रमित पाए जा चुके हैं और कई अन्य में संक्रमण होने का अंदेशा बढ़ गया है। फिलहाल महिला मुजफ्फरनगर की एक जेल में बंद है और उसकी इस करतूत के सामने आने के बाद सरकारी मशीनरी में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पश्चिमी यूपी की जेल में बंद एचआईवी संक्रमित लुटेरी दुल्हन से शारीरिक संबंध बनाने वाले लोग संक्रमित निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एक एनजीओ की मदद से महिला के संपर्क में आए 03 लोगों की जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसकेे बाद तीनों की एआरटी (एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी) सेंटर से इलाज शुरू करा दिया गया है। विभाग की ओर से एनजीओ की मदद से महिला के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने की कार्यवाही भी की जा रही है। 01 महीने पहले पश्चिमी यूपी के एक जिले की पुलिस ने ऊधमसिंहनगर की रहने वाली महिला, उसकी मां सहित सात लोगों को शादी के नाम पर धोखाधड़ी और चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
यह महिला गैंग के साथ मिलकर पहले युवक से शादी करती थी और फिर घर से सारा कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंडेक्स टेस्टिंग अभियान चलाया गया तो संक्रमित लोगों की सूची में लुटेरी दुल्हन भी शामिल थी। दिसंबर में कराई गई जांच में महिला ने संक्रमित निकलने के बावजूद इलाज नहीं कराया और अपना मोबाइल बंद कर दिया था। स्वास्थ्य विभाग ने भी मोबाइल बंद होने के बाद महिला की खोजखबर की कोशिश नहीं की थी। इसी का नतीजा है कि लुटेरी दुल्हन न सिर्फ विष कन्या की भांति लोगों को मौत बांटती रही, बल्कि उनके साथ लूटपाट भी करती रही। पुलिस के मुताबिक महिला सीधे तौर पर 05 व्यक्तियों की एक रात की दुल्हन बन चुकी है। इसके अलावा उसने और कितनों को अपना शिकार बनाया, इसका पता कराया जा रहा है।
नशे की लत में लुटेरी दुल्हन की बहन की हो चुकी मौत
लुटेरी दुल्हन की मां नशीले पदार्थों की तस्करी और गलत कार्यों में लिप्त रही है। इसी वजह से वह अपनी बेटियों को लेकर पति से अलग रहती थी। महिला की बड़ी बेटी गलत संगत में पड़कर लुटेरी दुल्हन बन गई और एचआईवी से भी संक्रमित हो गई। महिला अपनी बेटी के साथ अपराध में भी भागीदार बन गई। यही नहीं, छोटी बेटी भी नशे की लत में इस कदर डूबी कि कुछ समय पहले उसकी नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। दिसंबर में हुए टेस्ट में महिला पॉजिटिव आई थी। अब महिला के संपर्क में आए तीन लोग जांच में संक्रमित पाए गए हैं और उनका एआरटी से इलाज चल रहा है। इस महिला का भी यूपी के संबंधित जिले में इलाज चल रहा है।
ऐसे लोगों की शिकार बनाता था गिरोह
पुलिस के मुताबिक यह लोग एक गिरोह की तरह काम करते थे। इसमें सभी सदस्य लड़की के परिवार के सदस्य बनकर शादी करवाते थे और फिर शादी के अगले दिन ये दुल्हन घर का सारा सामान लेकर फरार हो जाती थी। मार्च को भी थाना तीतावी में ऐसा मुकदमा दर्ज हुआ था। इस गैंग से चोरी किए गए सारे आभूषण और उनके पास से चार फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। जिनके माध्यम से ये अलग-अलग लड़कों को शिकार बनाते थे। पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि ये गैंग मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है। इन्होंने यूपी से उत्तराखंड तक कई फर्जी शादियां की हैं। यह गैंग देखता था कि कौन शादी के लिए इच्छुक है और कौन शादी के लिए पैसा भी देने को तैयार है।