crimeUttarakhandक्राइम

Uttarakhand: किशोरी से गैंगरेप और हत्या के आरोप में भाजपा ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य को निकाला

उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य पद से भी हटाया

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में भाजपा के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य का नाम किशोरी से गैंग रेप और हत्या में आने के बाद भाजपा में हड़कंप मच गया। जिसके बाद हरिद्वार जिले के अंतर्गत बहादराबाद क्षेत्र में किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में आरोपित भाजपा के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य आदित्य राज सैनी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इसके अलावा शासन ने भी उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य पद से सैनी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। बहादराबाद क्षेत्र में हुए प्रकरण में भाजपा नेता आदित्य राज सैनी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद विपक्ष ने सरकार और भाजपा संगठन को घेरने में देर नहीं लगाई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने सैनी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। सचिव समाज कल्याण बीके संत ने भी सैनी को उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए। सैनी को इसी वर्ष 14 मार्च को आयोग का सदस्य बनाया गया था।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने हरिद्वार की घटना के आलोक में कांग्रेस की ओर से कानून व्यवस्था लेकर लगाए गए आरोपों को बेदम और कांग्रेस को मिली असफलताओं की खीज करार दिया है। चौहान ने कहा कि अब तब जितने भी आपराधिक मामले संज्ञान में आए हैं, उनकी विधिवत जांच और बिना दबाव के जांच पुलिस ने की है। हर मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है और आरोपितों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले का प्रकरण सामने आने के बाद पार्टी ने आदित्य राज सैनी को भाजपा की सदस्यता से निष्कासित कर दिया। शासन ने भी आयोग के सदस्य पद से सैनी को हटा दिया है।

बहादराबाद थाना क्षेत्र के गांव शंतरशाह में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में बुधवार को राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार किशोरी के स्वजन से मिले। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण आयोग की ओर से परिवार को आठ लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, अटल आवास योजना से पीड़ित परिवार को आवास दिया जाएगा। वहीं, एसपी सिटी स्वतंत्र सिंह भी पीड़ित परिवार से मिले।

यह है पूरा मामला
बीते सोमवार की सुबह पतंजलि के पास हाईवे किनारे एक किशोरी का शव बरामद हुआ था और शिनाख्त नहीं हो पाई थी। देर शाम परिजनों ने 13 वर्षीय किशोरी की पहचान की। देर रात में किशोरी की मां ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया कि 23 जून की शाम सात बजे अमित सैनी नाम का युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। देर रात तक वह नहीं लौटी तो अमित सैनी से फोन पर बात की। उसने किशोरी को अपने साथ होने की बात कही और दोबारा फोन न करने के लिए कहा। आरोप है कि 24 जून की सुबह पिछड़ा आयोग के सदस्य आदित्य राज सैनी के यहां पहुंचकर किशोरी के परिजनों ने जानकारी दी कि इसके यहां काम करने वाला युवक अमित सैनी ने उनकी बेटी का अपहरण किया है। चौकी में जाने की बात कहने पर उसने मामले को निपटाने के लिए दबाव बनाया गया। बाद में किशोरी के शव मिलने की जानकारी उन्हें मिली। आरोप है कि छह माह से अमित ने किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा रखा था। शादी का झांसा देकर लगातार उसे दुष्कर्म कर रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत अमित सैनी और आदित्य राज सैनी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म कर हत्या की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button