countryUttarakhand

वीडियो: चश्मदीद ने बताया कैसे लड़े उत्तराखंड के जांबाज, लहूलुहान हुए और शहीद हो गए, मगर नहीं छोड़ा मोर्चा

घात लगाकर बैठे कायर आतंकियों ने दोपहर करीब 3.20 पर किया था हमला, 06 बजे तक जारी जंग में उत्तराखंड के 05 जांबाज हुए शहीद, जबकि 05 घायल हो गए

Amit Bhatt, Dehradun: जम्मू और कश्मीर में कठुआ जिला मुख्यालय से 150 किलोमीटर दूर बदनोटा गांव के पास जो कुछ हुआ, उसे आतंकवादी कभी भूल नहीं पाएंगे। यहां माछेड़ी-किंडली-मल्हार के पहाड़ी मार्ग पर दोपहर बाद करीब 3.20 पर कायर आतंकवादियों ने घात लगाकर 22वीं गढ़वाल राइफल्स के सैन्य वाहन पर हमला किया, ग्रेनेड फेंका और अंधाधुंध गोलियां बरसा डाली। इस हमले में एक चश्मदीद पूरन चंद (स्थानीय दुकानदार) ने जो हाल बताया, वह आतंकियों के लिए कभी न भूलने वाला मंजर जरूर होगा। बेशक इस हमले में उत्तराखंड के 05 जांबाज जरूर शहीद हो गए और 05 घायल हुए, लेकिन किसी भी जांबाज ने मोर्चा नहीं छोड़ा। प्रमुख समाचार एजेंसी पीटीआई को दी बाइट में चश्मदीद पूरन ने बताया कि गोलियों को बौछारों और विस्फोटों का सिलसिला करीब 06 बजे तक चला। लहूलुहान होने के बाद भी जब हमारे जांबाजों ने मोर्चा नहीं छोड़ा तो आतंकवादियों ने जिस जंगल की आड़ लेकर हमला किया था, उसी में भाग खड़े होने को विवश हो गए। मरते दम तक भारत माता की खातिर डटे रहने वाले यही जांबाज जब तिरंगे में लिपटकर अपनी जन्मभूमि उत्तराखंड पहुंचे तो गम और गुस्से के माहौल उन्हें सलाम किया। शहीदों के पार्थिव शरीर मंगलवार शाम को विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लाए गए तो वहां भावनाओं का ज्वार ही उमड़ पड़ा।

शहीदों के पार्थिव शरीर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक बृजभूषण गैरोला के अलावा सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिसके बाद बलिदानियों के पार्थिव शरीर सेना के वाहन से उनके पैतृक आवास ले जाए गए। जहां पर बुधवार को सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। शहीद सैनिकों में नायब सूबेदार आनंद सिंह रावत रुद्रप्रयाग के कांडाखाल गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी व बच्चे देहरादून के गुजरोंवाली में रहते हैं। बड़े भाई व मां गांव में ही रहते हैं। वह 06 महीने पहले ही छुट्टी काटकर अपनी यूनिट में गए थे। इसके अलावा हवलदार कमल सिंह पौड़ी जिले के लैंसडौन क्षेत्र के नोदानू गांव के निवासी थे। नायक विनोद सिंह भंडारी मूलरूप से टिहरी गढ़वाल के जाखणीधार क्षेत्र के अंतर्गत चौंड जसपुर गांव से थे। वर्तमान में उनका परिवार देहरादून के भानियावाला (अठूरवाला) में रहता है। वह 03 बहनों के इकलौते भाई थे। डेढ़ महीने पहले ही वह छुट्टी पूरी कर यूनिट में लौटे थे। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक बेटा व एक बेटी को छोड़ गए हैं।

इसके अलावा 26 वर्षीय राइफलमैन आदर्श नेगी भी टिहरी गढ़वाल के थाती डागर गांव के निवासी थे। 03 भाई-बहनों में आदर्श सबसे छोटे थे। उनके परिवार ने इसी वर्ष अप्रैल में मेजर बेटे प्रणय नेगी को भी खोया, जो लेह में देश सेवा करते हुए बलिदान हो गए। पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के डोबरिया गांव निवासी राइफलमैन अनुज नेगी भी इस आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। उनकी बीते साल नवंबर में ही शादी हुई थी। उत्तराखंड के सपूतों के इस बलिदान ने नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। गम इस बात का है कि हमारे जांबाज अब उनके बीच नहीं है और गुस्सा तभी शांत होगा ,जब इस कायराना हरकत के जिम्मेदार आतंकियों को उनके बनाए गए नर्क में भेज दिया जाएगा। जिसे वह जन्नत कहकर अपनी तरह नए आतंकियों को तैयार करते हैं। आतंकियों को उन्हीं के नर्क में भेजने के लिए सेना, पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स ने कठुआ, ऊधमपुर और डोडा समेत विभिन्न इलाकों में गहन सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

पांच जवान घायल, मिलिट्री अस्पताल में चल रहा उपचार
कठुआ में हुए आतंकी हमले में 22वीं गढ़वाल राइफल्स के 05 जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें हवलदार सुजान राम, हवलदार अरविंद सिंह, सागर सिंह, गगनदीप सिंह व कार्तिक शामिल हैं। घायल जवानों का इलाज पठानकोट स्थित मिलिट्री अस्पताल में चल रहा है। घायल हवलदार सुजान राम मूल रूप से चमोली जिले के थराली विकासखंड के रतगांव के निवासी हैं। वर्तमान में उनका परिवार बरेली में रहता है, जबकि माता-पिता व 02 भाई गांव में ही हैं। देश-प्रदेश के लोग घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं।

कठुआ के अमर सपूत

1नंबर- रैंक और नाम – नायब सूबेदार आनंद सिंह

पता -ग्राम: कंडाखाल
पीओ: कंडाखाल
जिला:रुद्रप्रयाग
राज्य: उत्तराखंड
पिन : 246475

2 नंबर – 4091046 एम – रैंक और नाम – हवलदार कमल सिंह
पता – विला: पापरी
पीओ: नौदानु
तहसील: लैंसडाउन
जिला: पौड़ी
राज्य: उत्तराखंड
पिन : 246155

3. नंबर – 4093694एन – रैंक और नाम – एनके विनोद सिंह
पता-ग्राम : चौंद जसपुर
पीओ: खंडोगी
तालुक: जाखणीधार
जिला: टिहरी गढ़वाल
राज्य: उत्तराखंड
पिन : 249001

4. नंबर- 4103023ए – रैंक और नाम – आरएफएन अनुज नेगी
पता -ग्राम : डोबरिया
पीओ: धमधार
तालुक: रिखणीखाल
जिला: पौड़ी गढ़वाल
राज्य: उत्तराखंड
पिन : 246179

5. नंबर – 4104123X – रैंक और नाम – आरएफएन आदर्श नेगी
पता-गांव: थाटी डागर
पीओ: थट्टी डागर
तालुक: देव प्रयाग
जिला: टेहरी गढ़वाल
राज्य: उत्तराखंड
पिन : 249161

हमारे रणबांकुरों ने उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य परंपरा का पालन करते हुए मां भारती के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। मां भारती की रक्षा करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध उनका यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। इस कायरतापूर्ण हमले के दोषी और मानवता के दुश्मन आतंकवादी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। इन दुश्मनों को पनाह देने वालों को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे। प्रभु से शहीदों की आत्मा की शांति व शोकाकुल स्वजन को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। बलिदानियों के स्वजन को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। आतंकी हमले में घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री (उत्तराखंड)

कठुआ में हुए आतंकी हमले में गढ़वाल राइफल्स के पांच जवानों के बलिदान पर मैं अपनी गहरी शोक संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर इन अमर बलिदानियों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल स्वजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। प्रदेश सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित स्वजनों के साथ खड़ी है।’
गणेश जोशी, सैनिक कल्याण मंत्री (उत्तराखंड)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button