crimeDehradun

दून में शादी के 03 महीने बाद ही गर्भवती महिला की मौत, पति गिरफ्तार, दहेज हत्या का है आरोप

आरोप है कि सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए दबाव बना रहा था ससुराल पक्ष

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में शादी के महज 03 महीने बाद एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत 05 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना नगर का है। मृतका के भाई सलमान आसिफ निवासी रुद्रप्रयाग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून निवासी शहबाज आलम से हुआ था।

दहेज के बाद भी बढ़ती गई मांग
परिजनों का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कहकशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार के मुताबिक ससुराल पक्ष सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए करीब 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था और इसी को लेकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था।

मौत से कुछ घंटे पहले किया था फोन
मायके पक्ष का कहना है कि 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि उससे प्लॉट खरीदने के लिए पैसों की मांग की जा रही है। इसके बाद 3 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे भी उसने फोन कर बताया कि पति, सास-ससुर, देवर और ननद पैसे को लेकर बेहद गुस्से में हैं। उसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के पिता को ससुर का फोन आया और बताया गया कि कहकशा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
परिजन तुरंत देहरादून पहुंचे और दून अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। इसके बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी।

शरीर पर मिले चोट के निशान
मृतका के भाई का दावा है कि पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि वह दो महीने की गर्भवती थी और उसके शरीर पर कई चोट के निशान थे। परिजनों के अनुसार उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था और यूट्रस में भी चोट के निशान मिले हैं। परिवार को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। भाई का आरोप है कि उसे धीरे-धीरे नशे की दवाइयों की भारी डोज भी दी जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी पति किसी दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था।

शादी में दिया था लाखों का दहेज, नहीं पूरा हो पाएगा सब-इंस्पेक्टर बनने का सपना
परिजनों के अनुसार शादी के समय करीब 10 तोला सोना, गाड़ी के लिए 14.5 लाख रुपये नकद, और अन्य खर्च के लिए भी पैसे दिए गए थे। बावजूद इसके लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी। परिवार ने बताया कि 23 वर्षीय कहकशा ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और वह आगे चलकर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने की तैयारी करना चाहती थी।

पांच आरोपियों पर केस, पति गिरफ्तार
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति शहबाज आलम, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button