मेडिकल स्टोर की आड़ में ड्रग्स का खेल बेनकाब, STF की छापेमारी में बड़ी खेप पकड़ी
गदरपुर के प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर से 10 हजार से अधिक नशीली गोलियां और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद

Rajkumar Dhiman, Dehradun: Special Task Force Uttarakhand (एसटीएफ) ने ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना गदरपुर क्षेत्र में संचालित एक प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। कार्रवाई में मेडिकल स्टोर स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वर्ष 2026 में उत्तराखंड में अब तक की यह सबसे बड़ी नशीली दवाओं की बरामदगी बताई जा रही है।
मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार
एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए कोतवाली गदरपुर क्षेत्र स्थित कुमार मेडिकल हॉल में छापा मारा। तलाशी के दौरान स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल, गोलियां और कफ सिरप बरामद हुए। कार्रवाई में मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार (53 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 01, गदरपुर को मौके से गिरफ्तार किया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
छापेमारी के दौरान निम्न प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं—
Dicyclomine HCI, Tramadol HCI & Acetaminophen Capsules – 9416 कैप्सूल
Alprazolam Tablets I.P 0.5 mg – 1300 टैबलेट
Codeine Phosphate and Triprolidine Hydrochloride Syrup – 51 बोतल
बरामदगी व्यावसायिक मात्रा में होने के कारण आरोपी के विरुद्ध थाना गदरपुर में NDPS Act की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री के ड्रग्स-फ्री अभियान के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत की गई। अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, के निर्देश पर राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उनके निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के पर्यवेक्षण में टीम ने यह सफलता हासिल की।
जनता से अपील
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने आमजन से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को देने की अपील की है।
संपर्क नंबर जारी किए गए हैं—
📞 0135-2656202
📞 9412029536
संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में एसटीएफ टीम के निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चन्द्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा और कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम ने भी अभियान में सहयोग किया।



