चमोली में रौंगटे खड़े करने वाली घटना, पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला, फिर खुद फांसी पर झूला व्यक्ति
घायल महिला और बेटे की हालत नाजुक, कारणों का अभी नहीं चला पता

Round The Watch, Desk: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। देवाल क्षेत्र के ओडर गांव में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने अचानक अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटे मयंक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल मां-बेटे को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इधर वारदात के बाद आरोपी गजेंद्र सिंह मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद ओडर गांव समेत आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।



