शेख ने मोनू बनकर 10वीं की छात्रा का किया रेप, जबरन धर्मांतरण की भी कोशिश
इंस्टाग्राम पर बिछाया जाल, खुद को मोनू के रूप में बताया हिंदू

Round The Watch News: हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग 10वीं कक्षा की छात्रा को फर्जी पहचान के जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई थी। युवक ने खुद को ‘मोनू’ नाम से परिचित कराया और हिंदू होने का दावा कर छात्रा से दोस्ती बढ़ाई।
आरोप है कि युवक ने इसी झूठी पहचान के सहारे छात्रा का विश्वास जीता और उसे कई बार अपनी सफेद कार में घुमाने ले गया। इसी दौरान उसने शादी और प्रेम का झांसा देकर जटवाड़ा पुल तथा नहर पटरी क्षेत्र के पास कार के भीतर छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले छात्रा को पता चला कि आरोपी की वास्तविक पहचान मोनू शेख समीर (21) है। सच सामने आने पर छात्रा ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। इससे सहमी छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।



