चलती ट्रेन में लूट: उत्तराखंड के कर्मचारियों से 07 लाख छीने, हवाई फायरिंग कर कूदे बदमाश
ऑटो फर्म के कर्मचारी माल खरीदने जा रही थे दिल्ली, कमर में बेल्ट के जरिए बांधे थे रुपये

Round The Watch News: उत्तराखंड के रुद्रपुर से दिल्ली जा रहे दो कर्मचारियों के साथ बुधवार सुबह सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में तमंचे और पिस्टल के बल पर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए और चलती ट्रेन से फरार हो गए।
जानिए, क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह ऑटोमोबाइल पार्ट्स खरीदने के लिए दिल्ली जा रहे थे। दोनों ने नकदी को सुरक्षा के लिए कमर में बेल्ट के जरिए बांध रखा था।
ट्रेन जब उत्तर प्रदेश के बिलासपुर के पास धीमी हुई, तभी पहले से सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियार दिखाकर धमकाया और नकदी छीन ली।
दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
शक की सुई ‘इनसाइडर’ पर
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पहले से ही नकदी की जानकारी थी। इसी वजह से ‘इनसाइडर इनपुट’ की संभावना से भी जांच की जा रही है।
व्यापारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों की भीड़ जुट गई। व्यापार मंडल के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पीड़ितों से मिलकर घटना की जानकारी ली।
जांच तेज, तलाश जारी
पुलिस और आरपीएफ ने मामला दर्ज कर लिया है। रामपुर जिले के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



