शादी की दावत पड़ी भारी: चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव में 35 लोग पड़े बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती
उल्टी-दस्त और पेट दर्द से बेहाल हुए लोग, फिलहाल खतरे से हैं बाहर

Round The Watch News: टिहरी जिले के चंबा ब्लॉक अंतर्गत ढरसाल गांव में विवाह समारोह की खुशियां उस समय अफरातफरी में बदल गईं, जब दावत खाने के बाद 35 लोग फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए। सभी बीमारों को उपचार के लिए टिहरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में आयोजित एक विवाह समारोह में ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भोजन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों में उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसे लक्षण सामने आए, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार को 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आज 15 अन्य लोगों को भर्ती किया गया। लगातार बढ़ती संख्या ने गांव में चिंता का माहौल पैदा कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजन के नमूने जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह में परोसे गए भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी या दूषित खाद्य सामग्री के कारण यह स्थिति बनी।
स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं। प्राथमिक जांच में सामूहिक भोजन के बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से फूड पॉइजनिंग की पुष्टि की आशंका मजबूत मानी जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि भोजन तैयार करने और परोसने में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि सामूहिक भोज जैसे अवसर पर लापरवाही न की जा सके।



