जमानत पर छूटा हत्या का आरोपी, बन गया था आतंक का पर्याय, पुलिस ने फिर पहुंचाया जेल
टिहरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपी को दोबारा जेल पहुंचाकर सिखाया सबक

Round The Watch News: टिहरी पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जमानत पर बाहर घूम रहे हत्यारोपी को फिर कानून के शिकंजे में भेज दिया है। आरोपी जेल से बाहर आकर आतंक मचाने लगा था और लोगों को धमका रहा था। थाना कीर्तिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न सिर्फ इलाके में फैल रहे डर के माहौल को खत्म किया, बल्कि एक संभावित बड़ी घटना को भी समय रहते टाल दिया।
दरअसल, 20 अप्रैल की रात डायल 112 पर सूचना मिली कि डंगवाल गधेरा रोड, चौरास क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब के नशे में जमकर उत्पात मचा रहा है। वह राह चलते लोगों को गालियां दे रहा था और स्थानीय निवासियों को खुलेआम धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने मोहित बिष्ट उर्फ राहुल, निवासी मढ़ी चौरास (थाना कीर्तिनगर) को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। लेकिन बाहर आते ही उसने अपने आपराधिक इतिहास का डर दिखाकर इलाके में दहशत फैलानी शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी आए दिन शराब के नशे में गाली-गलौज करता है और माहौल खराब करता है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसका रवैया लगातार आक्रामक बना रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 170/126/135(3) BNSS के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
-उपनिरीक्षक आशीष रावत
-हेड कांस्टेबल प्रदीप
-कांस्टेबल हरीश चंद्र
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के नेतृत्व में पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों को डराने, धमकाने या शांति भंग करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



