
Rajumar Dhiman, Dehradun: आज के दौर में हर कोई दीर्घायु की कामना करता है। उम्र की बढ़ती रफ्तार को कम करने के जतन किए जाते हैं। लेकिन, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कई लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन पाने के लिए समय से पहले उम्र बढ़ाकर बुढापे का चोगा ओढ़ लिया। यह चौंकाने वाला मामला सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में सामने आया, जहां 17 लोगों ने आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर वृद्धावस्था पेंशन हासिल कर ली। जांच में गड़बड़ी सामने आते ही सभी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड को शिकायत मिली। इसके बाद उच्च स्तर से जांच के आदेश जारी किए गए। सहायक समाज कल्याण अधिकारी सहसपुर संदीप सिंह की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, निदेशक समाज कल्याण, हल्द्वानी के निर्देश पर अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून और सहायक समाज कल्याण अधिकारी सहसपुर ने संयुक्त जांच की।
जांच में सामने आया कि खुशहालपुर के कुछ लोगों ने आधार कार्ड में अपनी वास्तविक उम्र से अधिक आयु दर्ज कराकर वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड पुलिस ने सहसपुर कोतवाली में 17 ग्रामीणों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह मामला न सिर्फ सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अब ऐसे मामलों पर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। संभव है कि बाकी जगह भी ऐसा किया जा रहा हो।



