देहरादून में विवाहिता पर क्रूरता की हदें पार! 10 माह तक कमरे और शौचालय में बंद रखकर दी गई यातनाएं
पिता का आरोप—बेटी को कच्चा चावल, प्याज और नमक खिलाकर रखा गया जिंदा

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून जनपद के सेलाकुई थाना क्षेत्र के भाऊवाला से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विवाहिता को उसके ससुरालियों ने करीब दस माह तक कमरे और शौचालय में बंद रखकर अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणेशपुर निवासी पीड़िता के पिता ने थाना सेलाकुई में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को जुलाई 2025 से मई 2026 तक लगातार कमरे और शौचालय में बंद रखा गया। इस दौरान उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई। आरोप है कि पति राहुल, सास और ससुर ने मिलकर विवाहिता के साथ क्रूर व्यवहार किया और उसे कई बार पाइप, कुर्सी, वाइपर समेत अन्य वस्तुओं से पीटा।
पीड़िता के पिता के अनुसार, दस महीनों तक उन्हें अपनी बेटी से मिलने या फोन पर बात तक नहीं करने दी गई। जब भी उन्होंने बेटी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, ससुराल पक्ष की ओर से यह कहकर टाल दिया जाता कि वह सो रही है या नहा रही है। जबकि वास्तविकता यह थी कि उसे अधिकांश समय कमरे या शौचालय में बंद रखा जाता था।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाहिता को भोजन के नाम पर केवल कच्चा चावल, एक प्याज, नमक और एक हरी मिर्च दी जाती थी। उसके बाल खींचे जाते थे, जिससे उसके सिर के बाल तक उखड़ गए। परिजनों का आरोप है कि बेटी को न तो बहू का सम्मान मिला और न ही एक इंसान के रूप में बुनियादी व्यवहार।
जुड़वा बच्चों से भी रखा दूर
शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने फरवरी 2025 में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के बाद से ही उसे बच्चों से अलग रखा गया। आरोप है कि उसे अपने बच्चों को गोद में लेने या छूने तक की अनुमति नहीं दी गई। इससे वह लंबे समय तक मानसिक पीड़ा झेलती रही।
दिन, तारीख और महीना तक भूल गई पीड़िता
पिता ने बताया कि जब ग्राम प्रधान भाऊवाला और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों की सलाह एवं निगरानी में उनकी बेटी को ससुराल से बाहर निकाला गया, तब उसकी मानसिक स्थिति बेहद खराब थी। वह दिन, तारीख और महीना तक भूल चुकी थी। परिजनों का कहना है कि लंबे समय तक बंदी और प्रताड़ना के कारण वह गंभीर मानसिक आघात से गुजर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सेलाकुई पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



