crimeUttarakhandतीर्थाटन

बदरीनाथ धाम में चिकन, मछली और शराब मिली, 04 लोग पकड़े

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री लेकर धाम क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: श्री बदरीनाथ धाम की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक मर्यादाओं की रक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री लेकर धाम क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में मांसाहारी खाद्य सामग्री और शराब बरामद की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धाम क्षेत्र में सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में ज्योतिर्मठ से बदरीनाथ की ओर जा रहे एक टैक्सी वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से पैकेटों में रखी गई 12 किलोग्राम से अधिक चिकन और मछली के साथ तीन बोतल शराब बरामद हुई।

पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपनी पहचान घनश्याम दमाई, मनबहादुर, संदीप और दत्तकामी के रूप में बताई। सभी नेपाल मूल के मजदूर बताए गए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि बदरीनाथ धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां स्थानीय व्यवस्थाओं और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मांसाहार और मदिरा के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। ऐसे में प्रतिबंधित वस्तुओं को धाम क्षेत्र में ले जाना नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद मांसाहारी सामग्री और शराब को नियमानुसार नष्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि धाम क्षेत्र की पवित्रता बनाए रखने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button