उत्तराखंड में ओयो होटल में 13 साल की किशोरी से 05 युवकों ने किया गैंगरेप
रुद्रपुर की घटना, फरार चल रहे आरोपी और दबिश दे रही पुलिस टीमें

Round the Watch News: ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर मे 13 वर्षीय किशोरी के साथ 05 युवकों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी नाबालिग को ओयो होटल में लेकर गए और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
बाइक पर बिठाकर ले गया आरोपी
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि 6 जुलाई की दोपहर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की निवासी 13 वर्षीय पीड़िता अपनी सहेली के साथ लालपुर रोड स्थित डायमंड वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी। दोनों लड़कियां मेडिसिटी हॉस्पिटल के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान जूडियो मॉल में काम करने वाला आरोपी नमन नामक युवक अपने कथित चाचा के साथ बाइक से वहां पहुंचा।
होटल में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पीड़िता की सहेली को पहले से जानता था। नमन ने जान-पहचान वाली लड़की को बाद में आने के लिए कहा और 13 वर्षीय पीड़िता को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। आरोपी और उसका साथी नाबालिग को लालपुर टोल प्लाजा के पास स्थित एक ओयो होटल ले गए। वहां आरोपियों ने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद नमन और उसके साथी ने उसके साथ बारी-बारी से रेप किया।
बाद में आरोपी ने अपने 03 साथियों को भी होटल बुला लिया, जिन्होंने पीड़िता के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने नाबालिग को पूरी रात होटल में बंधक बनाकर रखा।
होटल के बाहर छोड़कर हुआ फरार
एसपी सिटी ने बताया कि अगले दिन 7 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे आरोपी पीड़िता को होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने एक स्थानीय दुकानदार के फोन से अपनी मां को सूचना दी। मां ने मौके पर पहुंचकर 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
गिरफ्तारी को पुलिस दे रही दबिश
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों और होटल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।



