crimeUttarakhand

घर से भागकर आई 16 साल की किशोरी से टैक्सी में रेप का प्रयास, कूदकर बचाई जान

टैक्सी चालक के साथ नैनीताल से सवार हुई थी किशोरी रात 11 बजे चालक ने शुरू की गलत हरकत

Round The Watch News: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ टैक्सी चालक के दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। हरियाणा से घर छोड़कर निकली 16 वर्षीय किशोरी नैनीताल से टैक्सी लेकर पाताल भुवनेश्वर घूमने पहुंची थी। आरोप है कि रास्ते में चालक ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। साहस का परिचय देते हुए किशोरी ने चलती टैक्सी से छलांग लगा दी और राहगीरों की मदद से खुद को बचा लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार की है। हरियाणा निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने नैनीताल से एक टैक्सी बुक की और चालक से पहले काठगोदाम चलने को कहा। काठगोदाम पहुंचने के बाद उसने चालक से पहाड़ में किसी घूमने योग्य स्थान पर ले चलने की इच्छा जताई। इस पर चालक ने पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल पाताल भुवनेश्वर चलने का सुझाव दिया, जिसे किशोरी ने स्वीकार कर लिया।

बताया गया कि गाड़ी जब गंगोलीहाट क्षेत्र स्थित पाताल भुवनेश्वर की ओर पहुंच रही थी, तब रात के करीब 11 बज चुके थे। इसी दौरान गुप्तड़ी नामक स्थान पर सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाते हुए चालक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया।

पीड़िता ने इसका विरोध किया, जिसके बाद चालक ने कुछ देर के लिए खुद को संभालते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। लेकिन खतरा भांप चुकी किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए चलती टैक्सी का दरवाजा खोला और सड़क पर छलांग लगा दी। उसी समय वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन के लोगों ने उसकी चीख-पुकार सुनी और तत्काल रुककर उसकी मदद की। इसके बाद दोनों को गंगोलीहाट कोतवाली ले जाया गया, जहां किशोरी ने पूरी घटना पुलिस को बताई।

गंगोलीहाट के कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा निवासी आरोपी चालक नंदन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75, 62 और 351(3) के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 11/12 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

घर से नाराज होकर निकली थी किशोरी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी किसी बात से नाराज होकर अपने हरियाणा स्थित घर से बिना बताए निकल गई थी और नैनीताल पहुंची थी। घटना की सूचना पुलिस ने उसके परिजनों को दे दी है।

चलती टैक्सी से छलांग लगाने के कारण किशोरी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई और मेडिकल परीक्षण भी कराया। फिलहाल विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। परिजनों के पिथौरागढ़ पहुंचने के बाद किशोरी को उनकी सुपुर्दगी में सौंपा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button